रांची/झारखंड: झारखंड के हजारीबाग जिले से एक दुखद खबर आ रही है, जहां कोलकाता से पटना जा रही एक बस हादसे का शिकार हो गई। इस दर्दनाक हादसे में 7 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल हैं। यह घटना बरकट्ठा थाना क्षेत्र के गोरहर इलाके की है।
हादसे की वजह
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वैशाली नामक बस तेज रफ्तार से यात्रा कर रही थी। अचानक ड्राइवर को झपकी आ गई और सामने एक गड्ढा दिखाई दिया। इसके बाद बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस के पलटते ही यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत बस के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक 7 लोगों की जान जा चुकी थी।
घायलों का चल रहा है इलाज
हादसे की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए हजारीबाग के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया। घायल यात्रियों में से कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। यह सभी यात्री कोलकाता से पटना जा रहे थे।
पुलिस ने दी प्रतिक्रिया
घटना स्थल पर पहुंचे बरही एसडीपीओ ने आशंका जताई कि ड्राइवर के झपकी लेने के कारण ही यह हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि सभी घायलों का इलाज अस्पताल में किया जा रहा है और मृतकों की शिनाख्त का प्रयास जारी है।
स्थानीय लोगों की शिकायत
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण कंपनी की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है। उनका आरोप है कि पिछले दो वर्षों में इस सड़क पर 20 से अधिक लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।
































