पटना: पूर्णिया के निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव (Pappu Yadav) को एक बार फिर लॉरेंस विश्नोई गैंग (Lawrence Bishnoi) के नाम पर जान से मारने की धमकी मिली है। इस बार धमकी वॉट्सऐप कॉल और मैसेज के माध्यम से पाकिस्तान से आई है। धमकी देने वाले ने खुद को गैंगस्टर लॉरेंस विश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए एक नौ सेकेंड का धमकी भरा वीडियो भी भेजा है। इस वीडियो में ‘योर फ्यूचर’ लिखकर पप्पू यादव को धमाके में उड़ा देने की बात कही गई है। इसके साथ ही यह धमकी दी गई है कि यह कार्य उनके जन्मदिन, 24 दिसंबर से पहले कर दिया जाएगा।

धमकी का कंटेंट

धमकी देने वाले ने लिखा है, “तुम पर मेरी नजर है, 24 दिसंबर से पहले तुम्हें सरप्राइज मिलेगा। लॉरेंस भैया ने तुम्हें कॉल किया था, क्यों नहीं उठाया? सांसद हो तो सांसद की तरह रहो, तुम्हारी औकात समझ में आ जाएगी।” वॉट्सऐप से भेजे गए इस मैसेज में धमकी दी गई है, “तुम बहुत जल्द मरोगे, सिद्धू मुसेवाला की तरह तुम भी मरोगे। तुम्हें इतनी गोली मारी जाएगी कि खोपड़ी और हड्डी तक नहीं मिलेगी। घर से बाहर निकलो, देखो तुम कितने बड़े बाहुबली हो।”

“तुम्हारी सारी बाहुबली निकल जाएगी”

आगे संदेश में कहा गया है, “बस दो से तीन दिन का समय है, तुम्हारी सारी बाहुबली निकल जाएगी। तुम्हारी मौत का समय आ गया है। अगर बचना चाहते हो तो लॉरेंस भैया से माफी मांग लो। अभी समय है, सुधर जाओ, वरना लॉरेंस भैया तुम्हें कच्चा चबा जाएंगे। सो जाओ, नींद जी भर के, तुम्हें सिक्योरिटी चाहिए, तो अमित शाह जैसी। समय आ गया है, तुम्हारे मरने का।”

पहली धमकी से पहले की घटना

13 नवंबर को भी पप्पू यादव को स्पीड पोस्ट के जरिए धमकी मिली थी, जिसमें धमकी देने वाले ने खुद को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का दोस्त बताते हुए 15 दिनों के अंदर उनके आवास अर्जुन भवन को उड़ा देने की धमकी दी थी।

कई बार मिल चुकी धमकी

7 नवंबर को छठ पूजा के संध्या अर्घ्य के दौरान भी पप्पू यादव को जान से मारने की धमकी मिली थी। धमकी देने वाले ने खुद को लॉरेंस गैंग का सदस्य बताया था। पप्पू यादव के पीए मो. सादिक आलम के अनुसार, दिल्ली स्थित उनके कार्यालय में वॉट्सऐप के माध्यम से धमकी भरे मैसेज भेजे गए थे। पप्पू यादव के पीए ने दिल्ली के कनाट प्लेस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। एसपी कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि पहले से मिली धमकी की सूचना को देखते हुए पप्पू यादव की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और सभी मामलों की गंभीरता से जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here