रांची/झारखंड: झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 के लिए आज शाम से अंतिम चरण का चुनाव प्रचार थम जाएगा। इस चरण में 20 नवंबर को 38 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होगा। इस दिन कुल 14,218 बूथों पर मतदान की प्रक्रिया संपन्न होगी, जिसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
साइलेंस पीरियड पर विशेष ध्यान
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रवि कुमार ने जानकारी दी कि 20 नवंबर को होने वाले मतदान के लिए प्रचार अभियान आज शाम को समाप्त हो जाएगा। इस दिन कुल 38 विधानसभा क्षेत्रों के 14,218 मतदान केंद्रों पर मतदान होगा। इनमें से 31 बूथों पर सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक ही मतदान होगा। उन्होंने यह भी कहा कि साइलेंस पीरियड के दौरान चुनाव प्रचार करने वालों को तुरंत मतदान क्षेत्र से बाहर जाने के निर्देश दिए जाएंगे, नहीं तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। 20 नवंबर को मतदान की व्यवस्था के लिए पोलिंग पार्टियां 19 नवंबर को अपने-अपने मतदान केंद्रों पर जाएंगी। इस चरण में किसी भी बूथ पर हेलीकॉप्टर द्वारा मतदान कर्मियों को भेजने की व्यवस्था नहीं होगी।
निजी वाहन पर नहीं लगेगा कोई बैनर
रवि कुमार ने यह भी कहा कि चुनाव प्रचार सामग्री के रूप में किसी भी निजी वाहन पर बोर्ड, बैनर आदि लगाने पर कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए परिवहन विभाग को निर्देशित किया गया है कि वे चेकिंग करें और यदि किसी वाहन पर अवैध प्रचार सामग्री पाई जाती है तो मोटर वाहन नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी। इस चरण में कुल 14,218 बूथों में से 48 बूथों को यूनिक बूथ के रूप में विकसित किया गया है।
विशेष मतदान केंद्रों की व्यवस्था
इस बार महिलाओं द्वारा संचालित मतदान केंद्रों की संख्या 239 है, वहीं 22 मतदान केंद्र दिव्यांगजनों द्वारा संचालित होंगे। साथ ही 26 मतदान केंद्रों की व्यवस्था युवाओं के हाथों में होगी। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद से अब तक 196 करोड़ से अधिक की अवैध सामग्री और नकदी की जब्ती की जा चुकी है। वहीं, आचार संहिता उल्लंघन के मामले में अब तक 85 लोगों पर एफआईआर दर्ज की जा चुकी है।
































