रांची/झारखंड: झारखंड में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान में कुछ ही दिन बाकी हैं। इसी बीच, राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निजी सलाहकार सुनील श्रीवास्तव के घर पर केंद्रीय एजेंसी इनकम टैक्स ने छापेमारी की है। आयकर विभाग के अधिकारी श्रीवास्तव के आवास की गहरी तलाशी ले रहे हैं। रांची और जमशेदपुर सहित कुल 9 स्थानों पर कार्रवाई की जा रही है।

झारखंड में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले रांची में इनकम टैक्स की यह कार्रवाई खास मानी जा रही है। इस बार आयकर विभाग का निशाना मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पर्सनल सेक्रेटरी हैं। एजेंसी के अधिकारी कई ठिकानों पर दबिश दे रहे हैं। इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें सुरक्षाकर्मी सुनील श्रीवास्तव के घर में दाखिल होते हुए दिखाई दे रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुनील श्रीवास्तव रांची के अशोक नगर में रहते हैं, और वही पर यह कार्रवाई की जा रही है।

हेमंत सोरेन ने बीजेपी पर कसा तंज

हाल ही में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला था। उन्होंने कहा था, “अगर हिम्मत है तो सामने से लड़ा करो, कायरों की तरह पीछे से क्यों वार करते हो?” इसके अलावा उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा, “कभी ED, कभी CBI, कभी कोई अन्य एजेंसी, अब अरबों रुपये खर्च कर मेरी छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है। यह बहुत अजीब हालात हैं। केंद्र में भाजपा की सरकार 11 साल से है, और राज्य में भी पांच साल तक भाजपा का शासन था, जो डबल इंजन सरकार का दावा करती थी। फिर पांच साल में सिर्फ हाथी क्यों उड़ाए गए? क्यों 13000 स्कूल बंद किए गए?”

झारखंड में मतदान की तारीखें

झारखंड विधानसभा के 81 सदस्यों के लिए मतदान 13 और 20 नवंबर को दो चरणों में होगा, जबकि 23 नवंबर को वोटों की गिनती की जाएगी। कुल 2.6 करोड़ मतदाता मतदान में शामिल होंगे, जिनमें 1.31 करोड़ पुरुष और 1.29 करोड़ महिला मतदाता हैं। इसके अलावा 11.84 लाख नए वोटर और 66.84 लाख युवा वोटर भी हैं। 2019 में झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने 30 सीटें जीती थीं, भाजपा ने 25 सीटें, और कांग्रेस ने 16 सीटें हासिल की थीं। 2014 के चुनाव में भाजपा ने 37 सीटें जीती थीं, जबकि झामुमो ने 19 और कांग्रेस ने सिर्फ 6 सीटें जीती थीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here