पटना: बिहार की प्रसिद्ध लोक गायिका और पद्म भूषण पुरस्कार प्राप्त शारदा सिन्हा का मंगलवार रात दिल्ली के एम्स अस्पताल में निधन हो गया। उनके बेटे अंशुमान सिन्हा ने इसकी पुष्टि की। शारदा सिन्हा पिछले दो सप्ताह से अस्पताल में भर्ती थीं और इलाज के दौरान उनकी हालत बिगड़ गई। उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक व्यक्त किया है और इसे संगीत जगत के लिए बड़ी क्षति बताया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स (Twitter) पर लिखा, “प्रसिद्ध लोक गायिका शारदा सिन्हा जी के निधन से बेहद दुख हुआ है। मैथिली और भोजपुरी लोक गीतों में उनका योगदान अमूल्य है। विशेषकर छठ महापर्व से जुड़े उनके गीत हमेशा सुनने वालों के दिलों में गूंजते रहेंगे। उनका जाना संगीत जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं। ओम शांति!”
पिछले कई दिनों से थीं बीमार
वह पिछले कुछ दिनों से ऑक्सीजन लेवल में गिरावट के कारण वेंटिलेटर पर थीं, लेकिन चिकित्सकों की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। छठ महापर्व के समय उनका निधन, खासतौर पर उनके छठ गीतों के प्रति लोगों की श्रद्धा को देखते हुए, सभी को स्तब्ध कर गया। शारदा सिन्हा के निधन पर देशभर के राजनीतिक नेताओं और कला जगत की हस्तियों ने शोक व्यक्त किया है।
इससे पहले, प्रधानमंत्री मोदी ने ली थी स्वास्थ्य की जानकारी
इससे पहले, प्रधानमंत्री मोदी ने दिन में अंशुमान सिन्हा से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली थी और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की थी। अंशुमान ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने एम्स के निदेशक से भी बात की थी।
लालू यादव और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी दी श्रद्धांजलि
राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, सांसद मीसा भारती और राजद के अन्य नेताओं ने शारदा सिन्हा के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि शारदा सिन्हा के गाए गीतों ने उन्हें घर-घर में लोकप्रिय बना दिया और वे छठ पूजा के गीतों के जरिए एक अलग पहचान बनाकर लोक संगीत के क्षेत्र में अमिट छाप छोड़ गईं।
राजद ने जताया गहरा शोक
लोक गायिका के निधन पर राजद ने गहरा शोक जताया है। पार्टी ने इसे लोक संगीत के क्षेत्र में अपूरणीय क्षति बताया। शोक व्यक्त करने वालों में तेज प्रताप यादव, प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उदय नारायण चौधरी, राष्ट्रीय महासचिव अब्दुल बारी सिद्दीकी और अन्य नेता शामिल हैं।
तेजस्वी यादव ने लिखा
तेजस्वी यादव ने शारदा सिन्हा के निधन पर लिखा, “बिहार की सुपुत्री और पद्मश्री, पद्मविभूषण से सम्मानित गायिका शारदा सिन्हा जी के निधन की दुखद सूचना मिली। उनकी मधुर आवाज़ और गीतों के माध्यम से छठ पूजा को जन-जन तक पहुँचाने का उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्मा को शांति मिले और उनके परिवार को संबल मिले।”
लालू यादव ने भी राजद की तरफ से शोक संदेश जारी किया, जिसमें उन्होंने कहा, “छठ महापर्व की आवाज़ अब हमें छोड़कर चली गई। शारदा सिन्हा जी ने अपनी आवाज़ से बिहार की संस्कृति और त्योहारों को एक नई पहचान दी। उनका योगदान हमेशा जीवित रहेगा।”
सीएम नीतीश किया ऐलान
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने घोषणा की है कि शारदा सिन्हा का अंतिम संस्कार पटना में राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।