रांची/झारखंड: झारखंड प्रदेश कांग्रेस ने राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की आगामी यात्रा से पहले पार्टी के बागी नेताओं पर कड़ा एक्शन लिया है। चुनावी मैदान में कांग्रेस के अधिकृत उम्मीदवारों के खिलाफ उतरे नेताओं पर पार्टी ने कार्रवाई करना शुरू कर दिया है। झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने उन नेताओं को छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है जो कांग्रेस से बगावत कर चुनावी मैदान में हैं।
देवेंद्र सिंह बिट्टू, मुनेश्वर उरांव और इसराफिल अंसारी पर हुई सख्त कार्रवाई
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया चेयरमैन सतीश पॉल मुंजनी ने इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के आदेश पर देवेंद्र सिंह बिट्टू, मुनेश्वर उरांव और इसराफिल अंसारी को छह साल के लिए कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया गया है।
कांग्रेस उम्मीदवारों के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं ये नेता
मुंजनी ने कहा कि ये तीनों नेता आगामी झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 में पार्टी के अधिकृत उम्मीदवारों के खिलाफ मैदान में हैं। निष्कासित नेताओं में मुनेश्वर उरांव 73-मनिका विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि वह लातेहार जिले के कांग्रेस अध्यक्ष भी थे। इसराफिल अंसारी 34-गोमिया और देवेंद्र सिंह बिट्टू 75-पांकी विधानसभा क्षेत्र से पार्टी के अधिकृत उम्मीदवारों को चुनौती दे रहे हैं।
13 नवंबर से शुरू होगा झारखंड विधानसभा चुनाव का मतदान
मुंजनी ने यह भी बताया कि कांग्रेस ने इन नेताओं को समझाने की कई कोशिशें कीं, लेकिन वे नहीं माने। इसके बाद इनके खिलाफ अनुशासनात्मक कदम उठाए गए। कांग्रेस पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा, राष्ट्रीय जनता दल और वामदलों के साथ गठबंधन में झारखंड विधानसभा चुनाव में भाग ले रही है। राज्य में पहले चरण की वोटिंग 13 नवंबर को और दूसरे चरण की वोटिंग 20 नवंबर को होगी।

































