रांची/झारखंड: झारखंड विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के प्रत्याशी एवं ग्रामीण विकास मंत्री इरफान अंसारी द्वारा भाजपा प्रत्याशी सीता सोरेन के खिलाफ अभद्र टिप्पणी के मामले ने तूल पकड़ लिया है। जामताड़ा थाना में कांग्रेस प्रत्याशी इरफान अंसारी पर आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया है, जबकि इरफान अंसारी ने सीता सोरेन के खिलाफ उनके बयान को गलत तरीके से पेश करने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है।
इरफान अंसारी के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन का मामला
जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र से इरफान अंसारी कांग्रेस के उम्मीदवार हैं। उन्होंने अपना नामांकन पत्र जामताड़ा एसडीओ के कार्यालय में दाखिल किया। नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने भाजपा प्रत्याशी सीता सोरेन पर अभद्र टिप्पणी की। इस पर जामताड़ा के बीडीओ ने इरफान अंसारी के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज कराया। पुलिस ने इस आधार पर कांड संख्या 208/24 दर्ज कर इरफान अंसारी को अभियुक्त बनाया है।
कांग्रेस ने सीता सोरेन पर भी दर्ज कराया केस
दोनों मामलों की जांच चल रही है। जामताड़ा थाना प्रभारी राजेश कुमार मंडल ने बताया कि बीडीओ परवीन चौधरी द्वारा दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर इरफान अंसारी के खिलाफ मामला दर्ज हुआ। वहीं, सीता सोरेन पर कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज किया गया है, जिसमें इरफान अंसारी के बयान को तोड़-मरोड़कर पेश करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस दोनों मामलों की गहन जांच कर रही है।
इस विवाद में इरफान अंसारी का बयान कितना सही या गलत है, यह जांच का विषय है। राष्ट्रीय अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग ने भी इस मामले का संज्ञान लिया है। जामताड़ा डीसी ने एसपी को नोटिस देकर तीन दिन में जांच पूरी करने और रिपोर्ट पेश करने को कहा है।































