पटना: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) पटना और भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (ट्रिपल आईटी) रांची ने सोमवार को एमटेक, एमबीए और एमसीए कार्यक्रमों को संयुक्त रूप से शुरू करने के लिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। ये पाठ्यक्रम हाइब्रिड मोड में होंगे, जिससे छात्र दोनों संस्थानों में ऑनलाइन और ऑफलाइन अध्ययन कर सकेंगे।
IIT पटना के निदेशक प्रो. टीएन सिंह ने बताया कि ट्रिपल आईटी रांची के साथ यह सहयोग और माइक्रोटेक एजुकेशनल सोसाइटी का समर्थन छात्रों को लचीले और उद्योग की नवीनतम प्रवृत्तियों के अनुरूप एमटेक, एमबीए और एमसीए की डिग्री हासिल करने का अवसर देगा।
ट्रिपल आईटी रांची के निदेशक प्रो. राजीव श्रीवास्तव ने कहा कि यह संयुक्त कार्यक्रम छात्रों को अत्याधुनिक क्षेत्रों में विशेषज्ञता विकसित करने और उद्योग में मांग में रहने वाले कौशल हासिल करने के लिए प्रेरित करेगा। IIT पटना के साथ यह साझेदारी हमारे संस्थानों के बीच अकादमिक सहयोग को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस अवसर पर डीए एकेडमिक प्रोफेसर एके ठाकुर, डीन रिसोर्सेज डॉ. एनके तोमर, डॉ. दिनेश कोटानी, डॉ. सत्येंद्र कुमार आदि उपस्थित थे।



































