पटना: बिहार में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने नवादा जिले में अनुसूचित जाति के लोगों के घरों को जलाने की घटना पर राज्य सरकार पर तीखा हमला किया है। उन्होंने इस घटना को महा जंगलराज से आगे महा दानवराज और महा राक्षसराज की संज्ञा दी है, साथ ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और एनडीए को चेतावनी दी है।
तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार और एनडीए में स्थिति गंभीर है। उन्होंने कहा कि नवादा में दलितों के 100 से अधिक घर जलाए गए हैं और यह सब नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार के राज में हो रहा है। उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, “महा जंगलराज! महा दानवराज! महा राक्षसराज! गरीबों के जले घरों की किसी को परवाह नहीं।”
साथ ही केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने इस घटना को लेकर यादव समाज के लोगों को जिम्मेदार ठहराया है। इस पर लालू यादव ने प्रतिक्रिया दी, कहा कि मांझी भ्रमित कर रहे हैं और कानून-व्यवस्था की स्थिति को असंतोषजनक बताया। मांझी ने कहा कि जमीन के विवाद में यादव समाज ने मुसहर जाति के लोगों को अपने पक्ष में लेकर यह घटना अंजाम दी है। पुलिस ने अब तक 15 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से 12 यादव शामिल हैं।
जानकारी के लिए बता दें, नवादा जिले के कृष्णा नगर में जमीन विवाद के चलते दबंगों ने दलित बस्ती में आग लगा दी, जिससे कई घर जल गए। पीड़ितों का दावा है कि करीब 80 घर प्रभावित हुए, जबकि पुलिस ने 20 घरों में आग लगने की पुष्टि की है। इस घटना के बाद सुरक्षा बढ़ा दी गई है और 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।



































