पटना: बिहार में ककोलत जलप्रपात, जिसे बिहार के कश्मीर के नाम से भी जाना जाता है, फिर से खोला जाएगा। पिछले तीन साल से बंद इस जलप्रपात का सीएम नीतीश कुमार आज तीन अगस्त को उद्घाटन करेंगे। बता दें CM नीतीश कुमार शनिवार यानी की आज नवादा के ककोलत पहुंचेंगे। वे ककोलत जलप्रपात के नवनिर्माण का उद्घाटन करेंगे। उसके बाद सीएम वारिसलीगंज प्रखंड स्थित सीमेंट फैक्ट्री का शिलान्यास करेंगे। उनके आगमन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं।
मालूम हो कि उद्घाटन के बाद ककोलत जलप्रपात फिर से पर्यटकों से गुलजार हो जायेगा. यह तीन साल से पर्यटकों के लिए बंद है। उद्घाटन बाद इसे पर्यटकों के लिए फिर से खोल दिया जाएगा। कोरोना काल के बाद से ही ककोलत जलप्रपात बंद है. ककोलत बंद रहने के कारण पर्यटक झारखंड के पेट्रो जलप्रपात जाते थे। अब ककोलत चालू होने से पर्यटकों की भीड़ फिर से उमड़ने लगेगी।
वहीं, ककोलत वॉटरफॉल को नया लुक मिल गया है। यह अब एक नए स्वरूप में दिखाई देगा। नये निर्माण ने खूबसूरती में चार चांद लगा दिया है। लोग अब ककोलत के ठंडे झरनों का ही नहीं बल्कि खूबसूरत घाटी का भी लुत्फ उठा सकेंगे. इस बीच, ककोलत में प्रवेश के लिए 10 टिकट काउंटर बनाए गए हैं। प्रवेश शुल्क 10 रुपये निर्धारित है। दोपहिया वाहनों के लिए पार्किंग शुल्क 20 रुपये, तीन पहिया वाहनों के लिए 30 रुपये, चार पहिया वाहनों के लिए 50 रुपये और बसों और भारी वाहनों के लिए 100 रुपये है।
ALSO READ
































