पटना: मोकामा से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां पूर्व बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने बाढ़ अनुमंडल न्यायालय में सरेंडर कर दिया। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद था। इस घटना से पहले सोनू-मोनू गैंग के सदस्य सोनू को गिरफ्तार किया गया था, वहीं अनंत सिंह के समर्थक रौशन को भी गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद अनंत सिंह को 14 दिनों के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। अब उन्हें केंद्रीय कारागार बेउर जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।
”सरकार के नियम का पालन कर रहे हैं”: अनंत सिंह
कोर्ट में सरेंडर करने के बाद पूर्व विधायक अनंत सिंह ने कहा, “सरकार के जो नियम होते हैं, उनका पालन करना सबका कर्तव्य है। यदि हमारे खिलाफ एफआईआर हुई तो हमने सरेंडर कर दिया है। अब हम जेल जा रहे हैं, क्योंकि हम कानून का पालन करते हैं।” इस मामले पर बाढ़ के एएसपी राकेश कुमार ने कहा कि पुलिस ने कल से ही इस मामले में कार्रवाई शुरू कर दी थी। पुलिस इस मामले से जुड़े सबूत जुटाने में लगी थी, और पुलिस के दबाव में अनंत सिंह ने सरेंडर किया। अब उन्हें बेउर जेल भेजा जा रहा है।
मुकाबले और गिरफ्तारी
इससे पहले, मोकामा के पंचमहला थाने के नौरंगा-जलालपुर गांव में शुक्रवार को मुकेश सिंह के घर पर फायरिंग की घटना सामने आई थी। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर गोली के खोखे बरामद किए। इसके अलावा, मंगलवार को हुई फायरिंग के मामले में सोनू, जो कि सोनू-मोनू गैंग का सदस्य है, ने आज सुबह सरेंडर कर दिया था। अनंत सिंह के एक समर्थक रौशन को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। ग्रामीण एसपी ने इन गिरफ्तारियों की पुष्टि की है।
फायरिंग के बाद की घटनाएं
बता दें कि मंगलवार को मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह और सोनू-मोनू गैंग के बीच फायरिंग हुई थी। इस मामले में बुधवार को तीन प्राथमिकी दर्ज कराई गई थीं। इनमें से एक प्राथमिकी सोनू-मोनू के पिता ने अनंत सिंह और उनके समर्थकों पर, दूसरी मुकेश सिंह के मकान मालिक ने और तीसरी पंचमहला थानेदार ने पुलिस के काम में रुकावट डालने को लेकर दर्ज कराई थी।
































