नई दिल्ली: गाजियाबाद की जिला जज कोर्ट में गुरुवार को वकीलों और जज के बीच बहस ने गंभीर मोड़ ले लिया। जानकारी के अनुसार, इस बहस के दौरान स्थिति इतनी बिगड़ गई कि यह झगड़े में बदल गई, जिससे कोर्ट का माहौल तनावपूर्ण हो गया।
पूरा मामला
दरअसल, बार एसोसिएशन के एक मामले में कुछ वकील जज के पास पहुंचे थे। सुनवाई के दौरान वकीलों ने जिला जज के साथ बदसलूकी कर दी। इसके बाद जज ने पुलिस को बुलाया। इस बीच, पुलिस ने वकीलों पर लाठीचार्ज कर दिया, जिससे कई वकील घायल हुए और कोर्ट का कामकाज ठप हो गया।
घटना के तुरंत बाद, कई थानों की पुलिस को कोर्ट परिसर में तैनात किया गया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जज को सुरक्षित रूप से कोर्ट रूम से निकाल लिया। इस घटना के बाद कोर्ट में मौजूद वकीलों और उनके समर्थकों में रोष है, जिससे स्थिति और भी गंभीर हो गई है।
घटना के बाद जज ने सभी विधिक कार्यों का किया बहिष्कार
इस घटना के बाद जज ने सभी विधिक कार्यों का बहिष्कार कर दिया है, जिससे आम लोगों को भी परेशानी हो रही है। मामले से जुड़े वीडियो में दिखता है कि कुछ पुलिसकर्मी कोर्ट रूम में वकीलों पर हमला करते नजर आ रहे हैं, और कई वकील अपनी जान बचाने के लिए भागते दिख रहे हैं।
कोर्ट परिसर में बड़ी संख्या में वकील प्रदर्शन कर रहे हैं। वकीलों का कहना है कि जब तक उन पर हमला करने वालों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, उनका विरोध जारी रहेगा। यह पहली बार नहीं है कि पुलिस और वकीलों के बीच इस तरह का संघर्ष हुआ है; इससे पहले भी कई राज्यों में ऐसे मामले सामने आ चुके हैं।



































