पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक बार फिर केंद्र सरकार द्वारा आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में शामिल नहीं होंगे। गृह मंत्री अमित शाह सोमवार को दिल्ली में वामपंथी उग्रवाद प्रभावित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे, जिसमें कई राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। हालांकि, नीतीश कुमार इस बैठक में नहीं पहुंचेंगे।
सूत्रों के अनुसार, नीतीश कुमार की अनुपस्थिति में बिहार का प्रतिनिधित्व डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी करेंगे। यह जानकारी दो दिन पहले एक कार्यक्रम में दी गई थी। इस बैठक में केंद्रीय मंत्रालयों के मंत्री और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल होंगे, जो वामपंथी उग्रवाद से प्रभावित राज्यों के विकास में सहायता प्रदान करने के लिए विचार-विमर्श करेंगे।
यह पहली बार नहीं है, जब नीतीश कुमार ने केंद्र की बैठक में भाग नहीं लिया। जुलाई 2024 में भी वह नीति आयोग की बैठक में शामिल नहीं हुए थे, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई थी। नीतीश कुमार ने पिछले कुछ बैठकों में भी भाग नहीं लिया था, जिसमें नीति आयोग की गवर्निंग काउंसिल की बैठकें शामिल हैं।
केंद्र सरकार नक्सलियों के खिलाफ एक बड़े ऑपरेशन की योजना बना रही है। गृह मंत्री अमित शाह इस बैठक में आगे की रणनीति और एक्शन प्लान को निर्धारित करने के लिए चर्चा करेंगे।



































