पटना: बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) ने 70वीं संयुक्त बीपीएससी परीक्षा का विज्ञापन जल्द ही जारी करने की घोषणा की है। इस बार की परीक्षा को अब तक की सबसे बड़ी वैकेंसी माना जा रहा है, जिसमें कुल 1964 पदों के लिए परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसमें 17 विभिन्न विभागों के लिए अनारक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए 799 पद, महिलाओं के लिए 604 पद, स्वतंत्रता सेनानियों के परिवार के लिए 34 पद, और दिव्यांग व्यक्तियों के लिए 66 पद शामिल हैं। बीपीएससी ने इस परीक्षा की प्रक्रिया को विज्ञापन से लेकर रिजल्ट तक एक साल के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा है।
बीपीएससी के अध्यक्ष रवि मनु भाई परमार ने बताया कि वे 70वीं बीपीएससी परीक्षा की तैयारी में जुटे हैं और जल्द ही विज्ञापन जारी किया जाएगा। इस बार कुल 1964 पदों के साथ यह अब तक की सबसे बड़ी वैकेंसी होगी। वर्तमान में 1929 पदों की तैयारी पूरी कर ली गई है, जबकि शेष 35 पदों के लिए विभाग से स्वीकृति का इंतजार है।
यह परीक्षा ग्रुप वन और ग्रुप 2 के लिए आयोजित होती है। ग्रुप वन के तहत अनुमंडल पदाधिकारी के लिए 200 पद, पुलिस उपाधीक्षक के लिए 136 पद, राज्य कर आयुक्त वित्त विभाग के लिए 168 पद और विभिन्न विभागों के लिए 174 पद उपलब्ध हैं। वहीं, ग्रुप 2 के लिए ग्रामीण विकास पदाधिकारी के 399 पद, राजस्व अधिकारी के 287 पद, आपूर्ति निरीक्षक के 233 पद, और प्रखंड अनुसूचित जाति एवं जनजाति के लिए 125 पद रखे गए हैं।
अध्यक्ष ने बताया कि परीक्षा के लिए उम्र सीमा 1 अगस्त 2024 को पुलिस उपाधीक्षक और जिला समादेष्टा के लिए 20 वर्ष, अन्य ग्रुप वन पदों के लिए 22 वर्ष, और ग्रुप 2 के लिए 21 वर्ष होनी चाहिए। अनारक्षित पुरुष उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु सीमा 37 वर्ष, आरक्षित महिला, पिछड़ा और अत्यंत पिछड़ा वर्ग के लिए 40 वर्ष, और अनुसूचित जाति एवं जनजाति के लिए 42 वर्ष निर्धारित की गई है। दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 10 वर्ष की छूट भी उपलब्ध है।
70वीं बीपीएससी प्रतियोगिता परीक्षा के लिए मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक या समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। परीक्षा शुल्क अनारक्षित पुरुष अभ्यर्थियों के लिए 600 रुपये और सभी आरक्षित श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए 150 रुपये निर्धारित किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि अगर संशोधन होता है, तो पदों की संख्या में बदलाव संभव है।
ALSO READ



































