पटना: आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने बिहार में बढ़ते अपराध को लेकर डबल इंजन सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। तेजस्वी यादव रोजाना अपराध के आंकड़े जारी कर सरकार को घेरने का प्रयास कर रहे हैं। हाल ही में, तेजस्वी यादव ने एक हत्या का लाइव वीडियो शेयर करके सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
पिछले शुक्रवार को पटना के दानापुर स्थित फुलवारीशरीफ में बेखौफ अपराधियों ने एक प्रॉपर्टी डीलर की दिनदहाड़े हत्या कर दी। बाइक सवार तीन अपराधियों ने प्रॉपर्टी डीलर को गोलियों से भून दिया और सीसीटीवी कैमरे में यह पूरी वारदात कैद हो गई। इस शूटआउट का वीडियो तेजस्वी यादव ने एक्स प्लेटफॉर्म पर शेयर किया और डबल इंजन सरकार पर तीखा हमला बोला।
तेजस्वी ने एक्स पर लिखा, “गोलियाँ…गोलियाँ…गोलियाँ..बिहार में चहुंओर गोलिया ही गोलियाँ…! प्रधानमंत्री मोदी की रहनुमाई और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुवाई में इनके डबल पॉवर्ड राम राज्य में अपराधी ऐसे आते है और कहीं भी, कभी भी, कैसे भी किसी की भी गोली मार कर हत्या कर देते है। देखिए, पटना में AIIMS के पास कैसे व्यवसायी सुरेंद्र वर्मा की बदमाशों ने दिनदहाड़े गोली मार हत्या कर दी”।



































