नई दिल्ली: भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को सीने में दर्द और बेचैनी की शिकायत के बाद देर रात दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया। उनकी स्थिति स्थिर बनी हुई है। जैसे ही यह खबर सामने आई, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा एम्स पहुंचे और डॉक्टरों से उनकी सेहत की जानकारी ली।
एम्स के डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में उपराष्ट्रपति
एम्स के डॉक्टरों ने बताया कि उनकी स्थिति पर पूरी नजर रखी जा रही है और जल्द ही उन्हें स्वस्थ होने की उम्मीद है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, उपराष्ट्रपति को कार्डियोलॉजी विभाग के प्रमुख डॉक्टर राजीव नारंग की निगरानी में क्रिटिकल केयर यूनिट (CCU) में रखा गया है। रात 2:00 बजे उन्हें एम्स लाया गया था, जहां उनकी हार्ट संबंधी सभी जांचें की गई हैं।
सुरक्षा कड़ी, अस्पताल में बढ़ाई गई निगरानी
उपराष्ट्रपति के अस्पताल में भर्ती होते ही पूरे देश में चिंता जताई जा रही है। उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एम्स में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। दिल्ली पुलिस के जवान अस्पताल के अंदर और बाहर सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं। हालांकि, अभी तक एम्स प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ का राजनीतिक सफर
14वें उपराष्ट्रपति हैं जगदीप धनखड़73 वर्षीय जगदीप धनखड़ भारत के 14वें उपराष्ट्रपति हैं। इससे पहले 2019 से 2022 तक उन्होंने पश्चिम बंगाल के राज्यपाल के रूप में कार्य किया। 20 जुलाई 2019 को उन्हें पश्चिम बंगाल का राज्यपाल नियुक्त किया गया था। राज्यपाल बनने से पहले वे भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता थे।
राजनीति में 30 साल का अनुभव
16 जुलाई 2022 को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने उन्हें उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के रूप में नामित किया था। वह 1989-91 के दौरान 9वीं लोकसभा में जनता दल के सांसद रहे और राजस्थान के झुंझुनू लोकसभा सीट से चुने गए थे।
विधानसभा से लेकर केंद्रीय मंत्री तक की जिम्मेदारी
1993-98 के दौरान वे राजस्थान की 10वीं विधानसभा में किशनगढ़ से विधायक रहे। साथ ही, उन्होंने राजस्थान हाई कोर्ट बार एसोसिएशन जयपुर के अध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया। उनके पास 30 वर्षों का लंबा राजनीतिक अनुभव है। वह पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की सरकार में संसदीय कार्य मंत्री भी रह चुके हैं।
संसद और विधानसभा की अहम समितियों के सदस्य रहे
लोकसभा हो या विधानसभा, वह हर सदन की महत्वपूर्ण समितियों के सदस्य रहे हैं। उनका प्रशासनिक और कानूनी ज्ञान भी मजबूत माना जाता है।
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की सेहत को लेकर देशभर में प्रार्थनाएं हो रही हैं। डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।