रांची/झारखंड: झारखंड विधानसभा का बजट सत्र सोमवार, 24 फरवरी से आरंभ हुआ, जो 27 मार्च तक चलेगा। इस सत्र की शुरुआत राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार के अभिभाषण से हुई। पारंपरिक रूप से गार्ड ऑफ ऑनर के बाद विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो ने उन्हें गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्य सचिव अलका तिवारी और गृह सचिव वंदना दादेल भी उपस्थित थीं।

राज्यपाल ने सरकार की उपलब्धियां गिनाईं

अपने संबोधन में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने भ्रष्टाचार पर लगाम कसने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित किया। हालांकि, भाजपा के विधायकों ने उनकी बातों पर असहमति जताई और सरकार की उपलब्धियों पर सवाल उठाए।राज्यपाल ने मीडियाकर्मियों से कहा कि बजट सत्र अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने आशा जताई कि विपक्ष इस सत्र में सकारात्मक भूमिका निभाएगा और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि सदन में गंभीर चर्चा होगी और अहम निर्णय लिए जाएंगे।

बिना नेता प्रतिपक्ष शुरू हुई सदन की कार्यवाही

बजट सत्र से पहले अनुमान लगाया जा रहा था कि नेता प्रतिपक्ष का चयन हो जाएगा, लेकिन अब तक भाजपा इस दिशा में निर्णय नहीं ले सकी। इस कारण सदन को नेता प्रतिपक्ष नहीं मिल पाया, फिर भी कार्यवाही आरंभ हो गई।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पत्नी संग पहुंचे सदन

सदन के नेता और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी विधायक पत्नी कल्पना सोरेन के साथ सदन पहुंचे। वहां संसदीय कार्य मंत्री राधा कृष्ण किशोर, मुख्य सचिव अलका तिवारी, कार्मिक सचिव वंदना दादेल और विधानसभा के प्रभारी सचिव मणिक लाल हेम्ब्रम ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया। सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई प्रमुख विधायक और मंत्री भी इस दौरान उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here