पटना: बिहार के खगड़िया जिले में जाली नोट छापने के मामले का बड़ा खुलासा हुआ है। डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) की टीम ने छापेमारी कर एक युवक को हिरासत में लिया। उसके पास से आरबीआई लिखे हुए कागज बरामद हुए हैं, जिसमें महीन सिल्वर धागा भी लगा है। ये कागज नकली नोट छापने के लिए मंगवाए गए थे।
डीआरआई की बड़ी कार्रवाई, एक गिरफ्तार
भारतीय बाजार में नकली नोटों के कारोबार को रोकने के लिए केंद्रीय एजेंसियों की कार्रवाई लगातार जारी है। हाल ही में भागलपुर और भोजपुर में छापेमारी के बाद गुरुवार को DRI ने खगड़िया में छापा मारा। यहां से जाली नोटों के लिए हाई-सिक्योरिटी पेपर मंगवाने वाले आरोपी मो. जिशान बदर उर्फ मो. फिरदौस को गिरफ्तार किया गया।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
टीम ने गोगरी थाना क्षेत्र के राटन गांव से आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उसे स्थानीय पुलिस को सौंप दिया गया। कोर्ट में पेशी के बाद उसे जेल भेजा जाएगा। उस पर राष्ट्रविरोधी गतिविधियों से जुड़ी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
सिंगापुर से मंगवाया गया खास कागज
जानकारी के अनुसार, आरोपी ने सिंगापुर से नकली नोट छापने के लिए हाई-सिक्योरिटी पेपर आयात किया था। यह खेप 24 जनवरी को नई दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंची थी। कस्टम विभाग की मदद से DRI ने इसे जब्त कर लिया। इसे गोगरी के राटन गांव में कूरियर के जरिए भेजने की योजना थी और इसे कार्यालय उपयोग के कागज के रूप में मंगवाया गया था।
आरबीआई लिखा कागज और सिल्वर धागा
बरामद कागजों पर आरबीआई लिखा था और इनमें पतला सिल्वर धागा लगा था। ये सभी नकली नोटों की छपाई में इस्तेमाल किए जाने वाले पेपर थे। हालांकि, अभी यह साफ नहीं हुआ है कि इनकी छपाई खगड़िया में होनी थी या इन्हें सीमा पार ले जाने की योजना थी। छापेमारी के दौरान गोगरी थाना पुलिस भी मौजूद रही, और खगड़िया एसपी राकेश कुमार ने इस मामले की पुष्टि की है।
पहले भी मंगवाया जा चुका था हाई-सिक्योरिटी पेपर
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पहले भी ए4 साइज के हाई-सिक्योरिटी पेपर की खेप मंगवा चुका था। इसी कड़ी में जांच के बाद उसकी गिरफ्तारी हुई। DRI अब इस पूरे सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों की धरपकड़ पर ध्यान केंद्रित कर रही है। इसके अलावा, यह भी जांच की जा रही है कि इस मामले का कोई आतंकी कनेक्शन तो नहीं है। DRI की छापेमारी के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

































