पटना: बिहार में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। शायद ही कोई दिन ऐसा गुजरता हो जब हत्या, लूट या अन्य आपराधिक घटनाओं की खबरें न आएं। इसी कड़ी में ताजा मामला सासाराम से सामने आया है, जहां परीक्षा कक्ष में नकल करने से इनकार करने पर एक छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

परीक्षा केंद्र से बाहर निकलते ही मारी गोली

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना दसवीं बोर्ड यानी मैट्रिक परीक्षा के दौरान घटी। परीक्षा के दौरान जब एक छात्र ने दूसरों को उत्तर लिखने से मना कर दिया, तो कुछ अन्य परीक्षार्थियों ने नाराज होकर बाहर निकलने पर उस पर हमला कर दिया। बाहर इंतजार कर रहे छात्रों के समूह ने उसे घेरकर गोली चला दी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

मृत छात्र की पहचान और पुलिस जांच

मृत छात्र की पहचान डेहरी मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शंभू बिगहा गांव निवासी अमित कुमार के रूप में हुई है। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी।

परीक्षा के दौरान हुआ था विवाद

बताया जा रहा है कि बुधवार को संत अन्ना स्कूल में चल रही परीक्षा के दौरान कुछ छात्रों ने नकल के लिए उत्तर देखने की मांग की थी, जिसे अमित ने मना कर दिया। इसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद परीक्षा खत्म होने के बाद आरोपी छात्रों का समूह बाहर पहले से ही घात लगाए बैठा था। अमित के बाहर आते ही उन्होंने गोली चला दी।

गोलीबारी में एक अन्य छात्र घायल

इस हमले में एक अन्य छात्र संजीत भी घायल हो गया। अमित की पीठ में गोली लगी, जबकि संजीत के हाथ में गोली लगी है। दोनों को इलाज के लिए नारायण मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां अमित की मौत हो गई, जबकि संजीत का इलाज जारी है।

आरोपी गिरफ्तार, पुलिस कर रही पूछताछ

रोहतास जिले के एसपी रौशन कुमार ने बताया कि पुलिस ने गोली चलाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ जारी है। मृतक और आरोपी दोनों ही मैट्रिक के परीक्षार्थी थे और उनका परीक्षा केंद्र संत अन्ना स्कूल में था। पुलिस मामले की पूरी जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here