पटना: बीपीएससी (BPSC) 70वीं प्रारंभिक परीक्षा के मामले में आज पटना हाईकोर्ट में होने वाली महत्वपूर्ण सुनवाई को टाल दिया गया है। दरअसल, 70वीं बीपीएससी पीटी परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर पटना हाईकोर्ट में दायर याचिका पर शुक्रवार को सुनवाई होनी थी, लेकिन न्यायाधीश की छुट्टी पर होने के कारण अब यह सुनवाई 4 फरवरी को हो सकती है।

सुनवाई की तारीख में बदलाव

सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज बिहार लोक सेवा आयोग की परीक्षा फिर से कराने की मांग पर सुनवाई होनी थी। हालांकि, बेंच की उपलब्धता नहीं होने और छुट्टी के कारण यह सुनवाई अगले सप्ताह तक के लिए स्थगित कर दी गई है। दरअसल, बसंत पंचमी के मौके पर 3 फरवरी 2025 को पटना हाईकोर्ट में अवकाश रहेगा। इसके बाद 4 फरवरी से हाईकोर्ट का सामान्य कामकाज शुरू होगा।

350 प्रदर्शनकारियों पर एफआईआर

इससे पहले, 70वीं बीपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर छात्रों के प्रदर्शन के बाद पटना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बीपीएससी परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे 350 छात्रों के खिलाफ सचिवालय थाना में मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में एक कोचिंग संचालक समेत 30 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है। जानकारी के अनुसार, इनमें से 26 लोग पटना जिले के बाहर के हैं। फिलहाल, पुलिस प्रदर्शनकारियों और अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है।

छात्रों को किसने भड़काया?

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कुछ कोचिंग संचालकों और अन्य व्यक्तियों ने टेलीग्राम के माध्यम से सोशल मीडिया पर छात्रों को एकत्रित करने के लिए कोड जारी किया था। पुलिस प्रशासन का मानना है कि हाई कोर्ट में सुनवाई से पहले दबाव बनाने के उद्देश्य से यह अव्यवस्था उत्पन्न की गई। पुलिस ने यह भी कहा कि छात्रों को गुमराह करने और कानून-व्यवस्था में खलल डालने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

ALSO READ

Supreme Court का बड़ा फैसला, मंदिरों में VIP एंट्री पर रोक लगाने से किया इनकार; जानें पूरा मामला

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here