पटना: 70वीं BPSC परीक्षा की PT का परिणाम जारी होने के बावजूद परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर अभ्यर्थी अपनी जिद पर अड़े हुए हैं। सैकड़ों अभ्यर्थियों ने BPSC आयोग के समक्ष बेली रोड को जाम कर दिया और जमकर प्रदर्शन किया, जिसके कारण बेली रोड पर भारी जाम की समस्या उत्पन्न हो गई। सड़क पर लंबी-लंबी कतारें लगीं, जिससे वाहनों का रुकना मुश्किल हो गया।
वैकल्पिक रास्ते अपनाए गए
प्रदर्शनकारियों के कारण फ्लाइओवर और मुख्य सड़क पर भीषण जाम की स्थिति बन गई। लोग अपनी गाड़ियां और बाइक सीढ़ियों से नीचे उतार कर आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे थे। इसके चलते वाहन चालकों को बेतहाशा परेशानी का सामना करना पड़ा, खासकर स्कूली बच्चों को स्कूल पहुंचने में देर हो रही थी।
प्रशासन की ओर से प्रयास
जाम की समस्या को देखते हुए प्रशासन की टीम बड़ी संख्या में मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की। हालांकि, अभ्यर्थी अपनी मांगों पर अड़े रहे और परीक्षा को रद्द करने की अपनी जिद छोड़ने को तैयार नहीं थे।
पुलिस तैनात, वाटर कैनन का इंतजाम
बेली रोड पर स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है। वहीं, वाटर कैनन और फायर बिग्रेड की गाड़ी भी तैयार रखी गई है, ताकि प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए इनका इस्तेमाल किया जा सके। प्रशासन के अधिकारी अभ्यर्थियों को शांत करने की कोशिश में जुटे हैं, ताकि मुख्य सड़क से उन्हें हटाया जा सके और जाम की स्थिति को समाप्त किया जा सके।
ALSO READ
































