रांची: झारखंड में राजनीति के दंगल में एक और नया मोड़ आया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज रांची में “मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना” की बढ़ी राशि लाभुकों के खातों में ट्रांसफर कर “जो कहा, सो किया” का नारा बुलंद कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने भाजपा पर “गोगो दीदी योजना” के नाम पर जनता से पैसे वसूले जाने का आरोप लगाया है। इस मुद्दे पर दोनों दलों के नेता आमने-सामने आ गए हैं।

भाजपा आरोपों पर कड़ा जवाब: शिवपूजन पाठक

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक ने झामुमो नेता सुप्रियो भट्टाचार्य के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि यदि उन्होंने “गोगो दीदी योजना” के तहत वसूली के आरोप लगाए हैं, तो उन्हें साबित करना चाहिए, अन्यथा भाजपा कानूनी कार्रवाई करने के लिए मजबूर होगी। पाठक ने कहा कि झामुमो के नेताओं को अपने झूठे वादों की याद दिलाए जाने पर वे बौखलाए हुए हैं।

झामुमो के नेताओं की बौखलाहट पर भाजपा का हमला

शिवपूजन पाठक ने कहा कि जब जनता से किए गए बड़े-बड़े झूठे वादे झामुमो के नेताओं को याद दिलाए जाते हैं, तो वे हड़बड़ाहट में आ जाते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के गठन के बाद “450 रुपये में गैस सिलेंडर” और “किसानों को 3200 रुपये प्रति क्विंटल धान” देने का वादा पूरा करने की बात की। भाजपा नेता ने झामुमो से सवाल किया कि कितनी राशि ली गई, किसने ली, और चुनाव में इसका कहां उपयोग हुआ?

झामुमो का जवाब: मनोज पांडेय का पलटवार

भाजपा द्वारा कानूनी कार्रवाई की धमकी पर झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता मनोज पांडेय ने कहा कि भाजपा चाहे जितनी कार्रवाई करे, लेकिन झामुमो के केंद्रीय अध्यक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों पर भी कार्रवाई की जाएगी। पांडेय ने कहा कि गोगो दीदी योजना के नाम पर भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जो राशि वसूली है, उसकी रिकवरी भी झामुमो करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा को अदालत की तरह आरोपों के सबूत पेश करने की जरूरत नहीं है।

झामुमो नेता का आरोप

झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं पर गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले “गोगो दीदी योजना” के लिए फार्म भरवाने पर प्रत्येक फार्म से 500 रुपये की वसूली की गई थी, जिसे झामुमो अब वापस करवाएगा।

भाजपा की “गोगो दीदी योजना” का प्रस्ताव

भारतीय जनता पार्टी ने 2024 के झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए सरकार बनने पर राज्य की महिलाओं को हर महीने 2100 रुपये देने वाली “गोगो दीदी योजना” शुरू करने का वादा किया था। भाजपा ने राज्य भर में बूथ स्तर पर जाकर इस योजना के फार्म भी भरवाए थे। अब झामुमो उस फार्म के नाम पर राज्य की महिलाओं से पैसे वसूले जाने का आरोप लगा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here