नई दिल्ली: दिल्ली के युवाओं के लिए राजनीति में रुचि रखने वालों के लिए एक शानदार अवसर आया है। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने विधानसभा चुनावों के दौरान जंगपुरा सीट से अपनी चुनावी यात्रा के तहत युवाओं के लिए इंटर्नशिप का ऐलान किया है। सिसोदिया का उद्देश्य अपने अनुभव और ज्ञान को युवा छात्रों के साथ साझा करना है। उन्होंने इस पहल की जानकारी एक्स प्लेटफॉर्म पर साझा की है।
राजनीति में इंटर्नशिप का अनुभव
मनीष सिसोदिया ने एक वीडियो शेयर करते हुए इस इंटर्नशिप प्रोग्राम के बारे में जानकारी दी। हालांकि, इस पर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। कुछ उपयोगकर्ता शराब घोटाले का जिक्र कर रहे हैं, तो कुछ दिल्ली की सड़कों, प्रदूषण और अन्य मुद्दों को उजागर कर रहे हैं। सिसोदिया का कहना है कि यह उन युवाओं के लिए है जो यह जानना चाहते हैं कि नेता कैसे सोचते हैं, चुनावी रणनीतियां कैसे बनाई जाती हैं और जनता के मुद्दों को कैसे समझा जाता है।
इंटर्नशिप के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया
उन्होंने कहा, “अगर आप कॉलेज के छात्र हैं और चुनावी प्रक्रिया को समझने की मेरी कक्षा में शामिल होना चाहते हैं, तो ‘इंटर्नशिप विद मनीष सिसोदिया’ पर रजिस्टर करें।” यह पहल युवाओं को राजनीति की व्यावहारिक जानकारी और चुनावी अभियानों की जमीनी समझ प्रदान करेगी।
राजनीति में रुचि रखने वालों के लिए सुनहरा अवसर
सिसोदिया ने युवाओं से अपील की है कि वे इस मौके का फायदा उठाएं और चुनावी प्रक्रिया के साथ-साथ सामाजिक मुद्दों पर काम करने की बारीकियां सीखें। यह इंटर्नशिप युवाओं को टीम वर्क, जनता के साथ संवाद और चुनावी रणनीतियों का वास्तविक अनुभव दिलाएगी। यह अवसर खासतौर पर उन छात्रों के लिए है जो राजनीति में अपना करियर बनाना चाहते हैं। इस प्रोग्राम से न केवल उनकी राजनीतिक समझ विकसित होगी, बल्कि उन्हें भविष्य में राजनीतिक अभियानों में भाग लेने का आत्मविश्वास भी मिलेगा।



































