नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के लिए आम आदमी पार्टी (आप) ने रविवार को 38 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी। इस सूची में अरविंद केजरीवाल, मुख्यमंत्री आतिशी, सौरभ भारद्वाज, गोपाल राय, सत्येंद्र जैन और अन्य प्रमुख नेताओं के नाम शामिल हैं।
AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली सीट से चुनाव लड़ेंगे। यह उनकी परंपरागत सीट है, जहां से वे लगातार तीन बार जीत दर्ज कर चुके हैं। वर्तमान में कालकाजी से विधायक और दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी इसी सीट से फिर मैदान में हैं।
रविवार को आप संयोजक अरविंद केजरीवाल की अध्यक्षता में आयोजित पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (पीएसी) की बैठक में इन नामों पर अंतिम मुहर लगी। अब तक आप ने सभी 70 सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए हैं।
प्रमुख सीटों के प्रत्याशी
आम आदमी पार्टी ने विभिन्न सीटों पर कई वर्तमान विधायकों और वरिष्ठ नेताओं को टिकट दिया है।
– बुराड़ी: संजीव झा
– बादली: अजेश यादव
– रिठाला: मोहिंदर गोयल
– बवाना: जय भगवान
– सुल्तानपुर माजरा: मुकेश कुमार अहलावत
– नांगलोई जाट: रघुविंदर शौकीन
– शालीमार बाग: बंदना कुमारी
– शकूरबस्ती: सत्येंद्र जैन
– त्रिनगर: प्रीति तोमर
– वजीरपुर: राजेश गुप्ता
– मॉडल टाउन: अखिलेश पति त्रिपाठी
अन्य प्रमुख सीटों पर उम्मीदवार
– सदर बाजार: सोम दत्ता
– मटिया महल: शोएब इकबाल
– बल्लीमारान: इमरान हुसैन
– करोल बाग: विशेष रवि
– मोती नगर: शिव चरण गोयल
– राजौरी गार्डन: धनवती चंदेला
– हरिनगर: राजकुमार ढिल्लों
– तिलक नगर: जनरैल सिंह
– विकासपुरी: महेंद्र यादव
– उत्तम नगर: पोष बालियान
– द्वारका: विनय मिश्रा
– नई दिल्ली- अरविंद केजरीवाल
– दिल्ली कैंट: वीरेंद्र सिंह कादियान
दक्षिण दिल्ली की सीटों पर नजर
– राजेंद्र नगर: दुर्गेश पाठक
– कस्तूरबा नगर: रमेश पहलवान
– मालवीय नगर: सोमनाथ भारती
– आरके पुरम: प्रमिला टोकस
– महरौली: नरेश यादव
– ग्रेटर कैलाश – सौरभ भारद्वाज
– कालकाजी – आतिशी
– अंबेडकर नगर: अजय दत्त
– संगम विहार: दिनेश मोंगिया
– तुगलकाबाद: साईं राम
– ओखला: अमानतुल्लाह खान
– कोंडली: कुलदीप कुमार
– बाबरपुर: गोपाल राय
– गोकलपुर: सुरेंद्र कुमार
ग्रेटर कैलाश सीट से चुनाव लड़ेंगे सौरभ भारद्वाज
वर्तमान विधायक और दिल्ली सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज, ग्रेटर कैलाश सीट से चुनाव लड़ेंगे। कस्तूरबा नगर सीट पर बड़ा बदलाव किया गया है। मौजूदा विधायक मदन लाल का टिकट काटकर, भाजपा छोड़कर आज ही AAP में शामिल हुए रमेश पहलवान को उम्मीदवार बनाया गया है। रमेश पहलवान की पत्नी कुसुम लता, जो भाजपा की पार्षद हैं, ने भी आज AAP का दामन थामा है।
केजरीवाल ने भाजपा पर साधा निशाना
चौथी सूची जारी होने के बाद अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “आज आम आदमी पार्टी ने सभी 70 सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए। पार्टी पूरे आत्मविश्वास और तैयारी के साथ चुनाव लड़ रही है। भाजपा के पास ना सीएम चेहरा, ना टीम, ना प्लानिंग, और ना दिल्ली के लिए विज़न है। उनका केवल एक ही नारा है – केजरीवाल हटाओ।”
उन्होंने आगे कहा, “हमारी पार्टी के पास दिल्ली के विकास के लिए स्पष्ट विज़न, योजना और योग्य टीम है। पिछले दस सालों में हमने दिल्ली में जो काम किए हैं, वे हमारी पहचान हैं। दिल्ली वाले काम करने वालों को वोट देंगे, गाली देने वालों को नहीं।”
चरणबद्ध तरीके से जारी की गई सूची
आप ने सबसे पहले 21 नवंबर को 11 सीटों के लिए उम्मीदवार घोषित किए। इसके बाद दूसरी सूची में 20 प्रत्याशियों के नाम आए। तीसरी सूची में नजफगढ़ से तरुण यादव का नाम जोड़ा गया। अब चौथी सूची में 38 और नामों की घोषणा के साथ पार्टी ने सभी 70 सीटों के लिए तैयारी पूरी कर ली है।
































