रांची/झारखंड: झारखंड विधानसभा का सत्र सोमवार से शुरू हो गया। 9 से 12 दिसंबर तक चलने वाले इस सत्र में नवनिर्वाचित विधायक और मंत्री जोश और उत्साह के साथ पहुंचे। सत्ता पक्ष के नेताओं ने राज्य में तेजी से विकास की उम्मीद जताई, जबकि विपक्षी दलों ने जनता की आवाज बनने का वादा किया।

पूर्णिमा दास ने दंडवत प्रणाम के साथ की शुरुआत

जमशेदपुर पूर्वी से पहली बार विधायक बनीं पूर्णिमा दास ने सदन की सीढ़ियों को दंडवत प्रणाम कर प्रवेश किया। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता अपने क्षेत्र का विकास है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री और अपने ससुर रघुवर दास के कार्यों को आगे बढ़ाने की बात कही। साथ ही, उन्होंने भरोसा जताया कि वे जमशेदपुर पूर्वी की जनता की आवाज बनेंगी।

जनता के भरोसे पर खरा उतरने की कोशिशः ममता देवी

रामगढ़ से फिर से विधायक बनीं कांग्रेस नेत्री ममता देवी ने कहा कि जनता ने उन पर दोबारा विश्वास किया है। वह क्षेत्र की उम्मीदों पर खरा उतरने और विकास के कार्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास करेंगी।

राज्य में तेज विकास की उम्मीदः इरफान अंसारी

स्वास्थ्य और खाद्य आपूर्ति मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि झारखंड में तेज विकास होगा। उन्होंने स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़े बदलाव लाने का आश्वासन दिया। उन्होंने हेमंत सोरेन और राहुल गांधी की उम्मीदों को पूरा करने का भरोसा दिलाया।

जनता के विश्वास पर खरी उतरेगी सरकारः हफीजुल हसन

मंत्री हफीजुल हसन ने कहा कि झारखंड की जनता ने हेमंत सोरेन सरकार पर भरोसा जताया है। उनकी सरकार जनता की उम्मीदों को पूरा करने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी।

शिक्षा व्यवस्था सुधारने पर जोरः रामदास सोरेन

शिक्षा विभाग के मंत्री रामदास सोरेन ने कहा कि प्राथमिक शिक्षा को दुरुस्त करना उनका मुख्य लक्ष्य है। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में सुधार लाने के लिए ठोस कदम उठाने की बात कही।

नंगे पांव सदन में पहुंचे जयराम महतो

जेएलकेएम के प्रमुख जयराम महतो पहली बार झारखंड विधानसभा पहुंचे। उन्होंने नंगे पांव प्रवेश करते हुए जनता के मुद्दे सदन में उठाने का संकल्प लिया।

प्रोटेम स्पीकर ने दिलाई विधायकों को शपथ

सत्र के पहले दिन प्रोटेम स्पीकर डॉ. स्टीफन मरांडी ने सभी नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाई। विधानसभा सत्र 12 दिसंबर तक चलेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here