पटना: बिहार के रोहतास जिले में जेडीयू का कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, पूर्व मंत्री जयकुमार सिंह और अन्य पार्टी नेता मौजूद थे। श्रवण कुमार ने राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू यादव पर तीखे हमले किए। उन्होंने कहा कि एक समय बिहार में न सड़कों का नामोनिशान था, न बिजली और न ही ग्रामीण क्षेत्रों में अन्य सुविधाएं। सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि बिहार का पैसा आखिर कहां जाता था? इसका जवाब देते हुए उन्होंने तंज कसा कि बिहार के नेता अलकतरा पीते और गिट्टी खाते थे।
लालू पर श्रवण कुमार का तीखा तंज
फजलगंज के न्यू स्टेडियम में आयोजित इस कार्यक्रम में मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि एक दौर था जब बिहार के नेता चारा, गिट्टी और अलकतरा खाने का काम करते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य का बजट नेताओं के पेट में समा जाता था। उन्होंने कहा कि अब एनडीए शासन में करोड़ों का बजट गांवों के विकास, सड़क, बिजली और पानी की व्यवस्था पर खर्च हो रहा है। श्रवण कुमार बोले, “एक समय बिहार में नेताओं का काम अलकतरा पीना और चारा घोटाला करना था। बजट का पैसा विकास के बजाय नेताओं के पेट में चला जाता था।”
नीतीश के नेतृत्व में विकास की नई राह
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री जयकुमार सिंह ने कहा कि 2005 से पहले बिहार की स्थिति बदहाल थी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य क्षेत्रों में क्रांतिकारी बदलाव हुए हैं। उन्होंने महिला सशक्तिकरण पर भी सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित किया। “नीतीश सरकार में राज्य ने विकास के नए आयाम छुए हैं।”
































