पटना: आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दल अपनी तैयारियों में जुट गए हैं। शुक्रवार, 6 दिसंबर को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने एक बड़ा ऐलान किया। उन्होंने बेगूसराय में अपनी यात्रा के दौरान कहा कि उनकी सरकार बनने पर वृद्धावस्था पेंशन और सामाजिक सुरक्षा पेंशन में भारी बढ़ोतरी की जाएगी।
बेगूसराय में तेजस्वी यादव की घोषणा
तेजस्वी यादव अपनी कार्यकर्ता दर्शन सह संवाद यात्रा के तीसरे चरण में बेगूसराय पहुंचे। यहां पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार वृद्धावस्था और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत सिर्फ 400 रुपये प्रति माह देती है, जो कि काफी कम है।
“हमारी सरकार आने पर 60 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों को वृद्धावस्था पेंशन योजना और सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत हर महीने 1500 रुपये दिए जाएंगे।” – तेजस्वी यादव
पहले भी कर चुके हैं बड़े वादे
इससे पहले तेजस्वी यादव ने अपनी यात्रा के पहले चरण में मिथिलांचल का दौरा करते हुए कई वादे किए थे। उन्होंने सरकार बनने पर 200 यूनिट बिजली मुफ्त देने की बात कही थी। इसके साथ ही मिथिलांचल के विकास के लिए मिथिलांचल डेवलपमेंट अथॉरिटी बनाने की घोषणा भी की थी।
चुनावी एजेंडा तैयार
जैसे-जैसे चुनाव करीब आ रहे हैं, सभी दल अपने-अपने एजेंडे तय कर रहे हैं। तेजस्वी यादव के इस पेंशन संबंधी ऐलान को बुजुर्ग मतदाताओं को लुभाने की कोशिश माना जा रहा है।































