पटना: बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो चुकी हैं। सभी राजनीतिक दल अपनी रणनीति बनाने में जुट गए हैं। इसी क्रम में लोजपा (रामविलास) ने भी अपनी चुनावी तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी ने संभावित उम्मीदवारों की खोज के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया है। इसके लिए समीक्षा कार्यान्वयन कमेटी का गठन किया गया है, जो उम्मीदवारों को तैयार करने का काम करेगी।
नौ सदस्यीय कमेटी का गठन
लोजपा (रामविलास) ने चुनावी तैयारियों के मद्देनजर 9 सदस्यीय समीक्षा कार्यान्वयन कमेटी का गठन किया है। इस समिति का नेतृत्व समस्तीपुर की सांसद शांभवी चौधरी करेंगी। कमेटी में शांभवी के अलावा अरविंद सिंह, डॉक्टर अभिषेक सिंह, पवन राज, कोमल सिंह, संजय सिंह, सुरेंद्र विवेक, अंशु प्रियंका और मनीष सिंह को शामिल किया गया है।
शांभवी को सौंपी गई बड़ी जिम्मेदारी
इस कमेटी को कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इनमें प्रभारी टीम द्वारा दी गई रिपोर्ट को सख्ती से लागू करवाना और संगठन में नई नियुक्तियों व बदलाव को प्रभावी बनाना प्रमुख है। इसके साथ ही, जिला अध्यक्षों और संभावित उम्मीदवारों के आगामी तीन महीनों के कार्यक्रम को तैयार करना और लागू कराना भी इस कमेटी का काम होगा।
रैलियों और जमीनी संगठन की मजबूती
कमेटी रैली की तैयारियों के लिए जिला अध्यक्षों और संभावित उम्मीदवारों से रिपोर्ट लेगी। इसके साथ ही, पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाएगी। इस संबंध में लोक जनशक्ति पार्टी के सांसद सह प्रभारी अरुण भारती ने पत्र जारी किया है।
































