पटना: केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और बाहुबली नेता आनंद मोहन के बीच की बयानबाजी थमने का नाम नहीं ले रही है। दोनों नेता लगातार एक-दूसरे पर निशाना साध रहे हैं। इसी कड़ी में चिराग पासवान ने एक बार फिर आनंद मोहन को करारा जवाब दिया। बीते दिन आनंद मोहन के बेटे चेतन आनंद ने कहा था कि उनके पिता एक जिंदा कौम हैं। इसके जवाब में चिराग ने कहा कि बिहार में कोई भी “मुर्दा कौम” नहीं है। साथ ही उन्होंने कहा कि अब इन बातों का जवाब देना उन्हें जरूरी नहीं लगता। पार्टी के स्थापना दिवस के मौके पर सीएम नीतीश, केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी और एनडीए गठबंधन के अन्य नेताओं की उपस्थिति ने साबित कर दिया कि कौन सही है और कौन गलत।
विपक्ष पर तीखा हमला
इस दौरान चिराग पासवान ने राजद, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर भी तीखा हमला बोला। सीएम नीतीश की यात्रा को लेकर उठाए गए सवालों पर उन्होंने विपक्ष को आड़े हाथों लिया। चिराग ने कहा कि विपक्ष को इस तरह की बात करने का कोई अधिकार नहीं है। राष्ट्रीय जनता दल पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें भ्रष्टाचार और पैसों के दुरुपयोग पर बोलने का कोई हक नहीं है।
कांग्रेस पर वार
कांग्रेस के “संविधान खतरे में है” वाले दावे पर चिराग ने पलटवार करते हुए कहा कि जनता ने एनडीए को दो-दो राज्यों में बड़ी जीत दिलाई है, जो यह साबित करता है कि संविधान पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि अगर संविधान सच में खतरे में था, तो वह 1975 में था, जब कांग्रेस ने देश में आपातकाल लगाया था।
आम आदमी पार्टी को बताया भ्रष्ट
आम आदमी पार्टी पर भी निशाना साधते हुए चिराग पासवान ने कहा कि देश की सबसे भ्रष्ट पार्टी कोई है, तो वह आम आदमी पार्टी है। उन्होंने कहा कि उनके शासनकाल में जितना भ्रष्टाचार हुआ, उतना पहले कभी नहीं हुआ। इसी वजह से उनके नेता और प्रमुख लोग जेल गए। दिल्ली की जनता अब सब समझ चुकी है और वहां बीजेपी सरकार बनना तय है, क्योंकि आम आदमी पार्टी की भ्रष्ट सरकार से जनता परेशान हो चुकी है।



































