पटना: सोमवार को बिहार विधानसभा के शीतकालीन सत्र की शुरुआत हुई। पहले दिन चार नवनिर्वाचित विधायकों, अशोक कुमार सिंह, दीपा मांझी, मनोरमा देवी और विशाल प्रशांत ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव ने कार्य मंत्रणा समिति का गठन किया। शोक प्रस्ताव पढ़ने के बाद स्पीकर ने सदन की कार्यवाही मंगलवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।
29 नवंबर तक चलेगा सत्र

बिहार विधानसभा का शीतकालीन सत्र संक्षिप्त है और केवल 5 दिन चलेगा। सरकार कई विधेयकों को इस छोटे सत्र में पेश करने की तैयारी में है और कई विधायी कार्य भी किए जाएंगे। 26 और 27 नवंबर को राज्य सरकार के विधायकों और अन्य सरकारी कार्यों की चर्चा होगी। 28 नवंबर को द्वितीय अनुपूरक बजट पर चर्चा होगी, जिसे सरकार पास कराएगी। सत्र का अंतिम दिन 29 नवंबर को गैर सरकारी संकल्प पर चर्चा की जाएगी।
सत्र के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम
सत्र की सुचारू कार्यवाही के लिए विधानसभा अध्यक्ष ने आला अधिकारियों के साथ बैठक की और सभी दलों के सदस्यों से सहयोग की अपील की। शीतकालीन सत्र के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। विधानसभा परिसर और उसके आसपास पुलिस बल की भारी तैनाती की गई है।
उपचुनाव में एनडीए की शानदार जीत

हाल ही में हुए विधानसभा उपचुनाव में एनडीए ने सभी चारों सीटों पर जीत दर्ज की है। रामगढ़ और तरारी में भारतीय जनता पार्टी ने जीत हासिल की, वहीं बेलागंज में जनता दल यूनाइटेड और इमामगंज में हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा ने विजय प्राप्त की।































