पटना: झारखंड में आगामी दूसरे चरण के चुनाव से पहले केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने हेमंत सोरेन की सरकार पर जोरदार हमला बोला। गिरिराज सिंह ने आरोप लगाया कि हेमंत सोरेन की सरकार ने रांची को कराची बनाने की दिशा में कदम बढ़ा दिए हैं। इस मुद्दे पर उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने वोट को समझदारी से, खासकर नौजवानों के भविष्य और परिवार की सुरक्षा को ध्यान में रखकर डालें।

बुर्का और नफरत फैलाने वाले धर्मगुरुओं पर बयान

गिरिराज सिंह ने आगे कहा कि अगर कोई महिला बुर्का पहनकर वोट देने जा रही है, तो संविधान के तहत उसका बुर्का हटाना आवश्यक है। यदि कोई इसका विरोध करता है, तो उसका कड़ा विरोध किया जाना चाहिए। गिरिराज ने मुस्लिम धर्मगुरुओं पर नफरत फैलाने का आरोप लगाया और कहा कि हिंदू धर्मगुरु नफरत नहीं फैलाते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि लोगों को मुस्लिम धर्मगुरुओं के भाषणों को सुनना चाहिए, ताकि वे समझ सकें कि वे किस प्रकार नफरत फैला रहे हैं।

खड़गे और कांग्रेस पर निशाना

कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे पर पलटवार करते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि खड़गे ने बिना किसी आधार के आरएसएस और बीजेपी पर नफरत फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ने आजादी के बाद से हिंदू-मुसलमान का विभाजन किया है।

धर्मांतरण के मुद्दे पर गिरिराज का हमला

बक्सर और पूर्वी चंपारण में हो रहे धर्मांतरण को लेकर गिरिराज सिंह ने कहा कि यह घटनाएं चिंताजनक हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इन जिलों में धर्मांतरण बड़े पैमाने पर हो रहा है, लेकिन इस पर तेजस्वी यादव और कांग्रेस का कोई बयान नहीं आ रहा है। गिरिराज ने कहा कि लखीसराय, बक्सर और मोतिहारी में धर्मांतरण के मामले बढ़ रहे हैं, जिसे नजरअंदाज किया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here