पटना: छठ पूजा के समापन के बाद शनिवार से विधानसभा की चार सीटों पर होने वाले उपचुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो जाएगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अगले दो दिनों तक इन चारों सीटों पर एनडीए के उम्मीदवारों के समर्थन में चुनावी सभाएं करेंगे। इस दौरान जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा और जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी भी एक-एक दिन उनके साथ रहेंगे।
मिली जानकारी के अनुसार
जदयू से मिली जानकारी के अनुसार, 9 नवंबर शनिवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार रामगढ़ और तरारी विधानसभा क्षेत्रों में चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। रामगढ़ का उपचुनाव खास है क्योंकि यह सीट राजद की है। यहां से राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के बेटे सुधाकर सिंह विधायक थे, जो सांसद बनने के बाद अपने भाई अजीत सिंह को राजद के टिकट पर मैदान में उतार रहे हैं। एनडीए इसे परिवारवाद मानते हुए भाजपा के अशोक सिंह को मैदान में उतार रहा है। मुख्यमंत्री की सभा सुबह करीब 11 बजे होगी, जिसमें जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी भी शामिल होंगे।
तरारी में भी करेंगे प्रचार
रामगढ़ की सभा के बाद, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तरारी विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सभा करेंगे। यह सीट भाकपा (माले) के पास रही है, जहां के विधायक सुदामा प्रसाद सांसद बनने के बाद इस सीट पर उपचुनाव हो रहा है। एनडीए ने भाजपा के विशाल प्रशांत को उम्मीदवार बनाया है, जो पूर्व विधायक सुनील पांडेय के बेटे हैं।
10 नवंबर को दो और सीटों पर प्रचार
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 10 नवंबर को भी दो विधानसभा सीटों पर चुनाव प्रचार करेंगे। उनकी पहली सभा इमामगंज में होगी, जहां से पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी विधायक थे। उनके सांसद बनने के बाद इस सीट पर उपचुनाव हो रहा है, जिसमें उनकी बहू दीपा मांझी चुनावी मैदान में हैं। मुख्यमंत्री इस सभा को सुबह 11 बजे संबोधित करेंगे। इसके बाद 12 बजे वे बेलागंज विधानसभा क्षेत्र में सभा करेंगे।
यह सीट लंबे समय तक राजद के कब्जे में रही थी, लेकिन यहां के विधायक सुरेंद्र यादव के सांसद बनने के बाद यह सीट खाली हुई थी। एनडीए की उम्मीदवार जदयू की मनोरमा देवी यहां से चुनाव लड़ रही हैं। मुख्यमंत्री की दोनों सभाओं में जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा भी शामिल होंगे। इन दोनों चुनावी सभाओं का प्रचार हेलीकॉप्टर से होगा।