रांची/झारखंड: झारखंड में बीजेपी कमल खिलाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को चुनाव प्रचार में उतार रही है। पार्टी संकल्प पत्र के माध्यम से जनता से वादे करने की तैयारी कर रही है। 3 नवंबर, रविवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बीजेपी का संकल्प पत्र जारी करेंगे।
शिवराज सिंह चौहान ने मीडिया को दी जानकारी
केंद्रीय कृषि मंत्री और बीजेपी के विधानसभा चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने मीडिया को जानकारी दी कि अमित शाह के हाथों संकल्प पत्र जारी होगा, जिसमें बताया जाएगा कि सरकार बनने पर क्या किया जाएगा।चौहान ने आगे कहा कि 4 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गढ़वा और चाईबासा में चुनावी सभा करेंगे। 3 नवंबर को अमित शाह की तीन चुनावी सभाएं भी हैं। इस संबंध में शाह शनिवार शाम रांची पहुंचेंगे और रविवार को संकल्प पत्र जारी करने के बाद सभाओं को संबोधित करेंगे।
चौहान ने कहा
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की उम्र पर हो रही सियासी बयानबाजी पर चौहान ने कहा कि हेमंत सोरेन एक “कमाल के जादूगर” हैं, जो 5 साल को 7 साल और 5 साल को 2 महीने में बदल देते हैं। 2019 में उन्होंने अपनी उम्र 42 बताई थी, और अब 2024 में उनकी उम्र 49 हो गई है।
हेमंत सरकार पर वादाखिलाफी का लगाया आरोप
हेमंत सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए चौहान ने कहा कि 5 साल पहले उन्होंने युवाओं से 5 लाख नौकरियों और 5 से 7 हजार बेरोजगारी भत्ते का वादा किया था। उन्होंने माताओं-बहनों से भी कहा था कि हर महीने 2000 रुपये चूल्हा खर्चा देंगे, लेकिन 4 साल 10 महीने में कुछ नहीं दिया। चुनाव के अंतिम समय में केवल 1000 रुपये का वादा किया गया।































