रांची/झारखंड: झारखंड विधानसभा चुनाव के तहत गुरुवार को जहां 383 नामांकन हुए, वहीं शुक्रवार को यह संख्या 409 पहुंच गई। पहले चरण की सीटों पर 371 और दूसरे चरण की 38 नामांकन हुए।
चंपई सोरेन समेत कई प्रमुख नेताओं ने किया नामांकन
पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने भाजपा के टिकट पर सरायकेला विधानसभा सीट से नामांकन किया। वहीं, आजसू प्रमुख सुदेश महतो ने सिल्ली से पर्चा भरा। झामुमो से बागी होकर भाजपा में शामिल हुए लोबिन हेम्ब्रम ने भी बोरियो से नामांकन किया। भाजपा के विरंची नारायण ने बोकारो से पर्चा भरा। कांग्रेस के राधाकृष्ण किशोर ने छत्तरपुर से अपना पर्चा दाखिल किया। इसी तरह कई दिग्गजों और अन्य उम्मीदवारों ने नामांकन किया।

दुमका से झारखंड मुक्ति मोर्चा के बसंत सोरेन ने किया नामांकन
उमाशंकर अकेला ने सपा के टिकट पर बरही से पर्चा भरा। कांग्रेस ने उनका टिकट काटकर तिलेश्वर साहू के पुत्र अरुण साहू को उम्मीदवार बनाया।

पूर्व मंत्री बादल पत्र लेख ने कांग्रेस से नामांकन कियापहले चरण की 43 सीटों पर नामांकन प्रक्रिया शुक्रवार को समाप्त हो गई, जिसमें कुल 804 उम्मीदवारों ने पर्चा भरा। पहले चरण के नामांकन पत्रों की जांच 28 अक्टूबर को होगी। उम्मीदवार 30 अक्टूबर तक नामांकन पत्र वापस ले सकते हैं। इन सीटों पर 13 नवंबर को मतदान होगा।
भाजपा के राज सिन्हा ने भी नामांकन किया

दूसरे चरण की 38 सीटों पर अब तक 93 नामांकन
दूसरे चरण की 38 सीटों पर नामांकन की प्रक्रिया जारी है। शुक्रवार को यहां 38 उम्मीदवारों ने पर्चा भरा, जबकि कुल 93 नामांकन हुए हैं। इस चरण के लिए 29 अक्टूबर तक नामांकन होंगे।
जमशेदपुर पूर्वी में सबसे अधिक 32 नामांकन
झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण की 43 सीटों पर नामांकन प्रक्रिया समाप्त हो चुकी है। इन सीटों पर कुल 804 नामांकन हुए। जमशेदपुर पूर्वी में सबसे अधिक 32 उम्मीदवारों ने पर्चा भरा, जबकि जमशेदपुर पश्चिमी में 31 नामांकन हुए। सिमरिया, चतरा, खरसावां और खूंटी में सबसे कम 11-11 उम्मीदवारों ने पर्चा भरा। हालांकि, नामांकन पत्रों की जांच और वापसी के बाद ही अंतिम संख्या तय होगी।