पटना: नीतीश सरकार ने किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की है। कृषि विभाग रबी सीजन में 21 जिलों में किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले गेहूं बीज के उत्पादन के लिए प्रोत्साहित करेगा, जिससे 20% अधिक उपज का लक्ष्य रखा गया है। राज्य में 3.50 लाख क्विंटल प्रमाणित गेहूं बीज के उत्पादन की योजना बनाई गई है।
गेहूं के बीज पर मिलेगा MSP से इतना अधिक दाम
किसानों को 80% अनुदान पर आधार बीज बिहार राज्य बीज निगम के माध्यम से उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही, निगम न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) से 25-30% अधिक दाम पर किसानों से बीज खरीदेगा। इससे किसानों को दो प्रमुख लाभ होंगे: पहले, उन्हें अधिक मूल्य प्राप्त होगा और दूसरे, राज्य के अनुकूल जलवायु में प्रमाणित बीज कम कीमत पर मिलेगा, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार होगा।प्र
माणित गेहूं बीज उत्पादन से जुड़े किसानों को बीज उत्पादन तकनीक का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही, बीज उत्पादन के सभी कार्यों की निगरानी बिहार राज्य बीज एवं जैविक प्रमाणन एजेंसी (बसोका) और बिहार राज्य बीज निगम के कर्मियों द्वारा की जाएगी।
8,750 क्विंटल गेहूं का आधार बीज वितरण
राज्य में 8,750 क्विंटल गेहूं का आधार बीज भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद और कृषि विश्वविद्यालयों से मंगाया जा रहा है। पहले से 6,000 क्विंटल आधार बीज विभिन्न योजनाओं के तहत उपलब्ध है, जिससे कुल 14,750 क्विंटल आधार बीज उपलब्ध होगा।
21 जिलों को प्रमाणित बीज उत्पादन के लिए चुना गया है, जिसमें पूर्वी चंपारण, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, वैशाली, गोपालगंज, सिवान, शेखपुरा, भोजपुर, अरवल, जमुई, बांका, मुंगेर, मधुबनी, सारण और सीतामढ़ी शामिल हैं।
इसके अलावा, दरभंगा, बक्सर, नवादा, जहानाबाद, पटना और लखीसराय में कृषक उत्पादक संघ के माध्यम से उत्पादन किया जाएगा।
बेगूसराय में मक्का प्रसंस्करण पर प्रशिक्षण
बेगूसराय के क्षेत्रीय मक्का अनुसंधान एवं बीज उत्पादन केंद्र में खाद्य, पोषण और ईंधन सुरक्षा के लिए मक्का उत्पादन पर एक तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें मधेपुरा, बेगूसराय, खगड़िया, पूर्णिया और मुजफ्फरपुर के 20 प्रगतिशील किसानों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण में किसानों को मक्का की उन्नत तकनीक, बीज पोषण, रोग कीट प्रबंधन, और विभिन्न प्रकार के प्रसंस्करण के बारे में जानकारी दी गई। डॉ. आलोक कुमार साहू और डॉ. शंकर लाल जाट ने इस कार्यक्रम का संचालन किया। किसानों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।

































