पटना: बिहार की चार विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए महागठबंधन ने अपने उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर दी है। आरजेडी प्रदेश कार्यालय में महागठबंधन की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने उम्मीदवारों के नाम बताए।

जगदानंद सिंह ने महागठबंधन के नेताओं की उपस्थिति में उम्मीदवारों का ऐलान किया। इमामगंज सीट से रोशन कुमार माझी उर्फ राजेश मांझी महागठबंधन के साझा उम्मीदवार होंगे। बेलागंज से विश्वनाथ कुमार सिंह, रामगढ़ से जगदानंद सिंह के छोटे बेटे अजीत कुमार सिंह और तरारी सीट से राजू यादव को महागठबंधन का उम्मीदवार बनाया गया है।

इन चार में से तीन सीटों पर आरजेडी ने अपने प्रत्याशी उतारे

इन चार में से तीन सीटों पर आरजेडी ने अपने प्रत्याशी उतारे हैं, जबकि एक सीट माले के हिस्से में आई है। बेलागंज, रामगढ़ और इमामगंज सीटों से आरजेडी के उम्मीदवार महागठबंधन के साझा उम्मीदवार होंगे, जबकि तरारी सीट माले को मिली है।

ज्ञात रहे कि देश के 13 राज्यों में कुल 48 सीटों पर उपचुनाव होने हैं, जिनमें बिहार की चार सीटें भी शामिल हैं। इन उपचुनावों को विधानसभा चुनाव के सेमीफाइनल के रूप में देखा जा रहा है। दोनों गठबंधनों के लिए यह प्रतिष्ठा का प्रश्न बन चुका है, और वे जीत के लिए रणनीतियों पर काम कर रहे हैं।

13 नवंबर को होगा मतदान

लोकसभा चुनाव के बाद खाली हुई तरारी, रामगढ़, बेलागंज और इमामगंज सीटों पर 13 नवंबर को मतदान होगा, जबकि नतीजे 23 नवंबर को आएंगे। रामगढ़ में आरजेडी के सुधाकर सिंह, तरारी में सीपीआई माले के सुदामा प्रसाद, बेलागंज में आरजेडी के सुरेंद्र यादव और इमामगंज में हम के जीतन राम मांझी के सांसद बनने के बाद ये सीटें खाली हुई हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here