रांची/झारखंड: झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए बड़ी जानकारी आई है। एनडीए के बीच सीट वितरण का ऐलान रांची स्थित बीजेपी कार्यालय में किया गया। बीजेपी और आजसू ने मिलकर यह जानकारी साझा की है। झारखंड में एनडीए के तहत बीजेपी 68, आजसू 10, जेडीयू 2 और लोजपा रामविलास 1 सीट पर चुनाव लड़ेगी।
केंद्रीय मंत्री और झारखंड चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि झारखंड में बीजेपी, आजसू, जेडीयू और लोजपा रामविलास मिलकर चुनाव लड़ेंगे और संयुक्त प्रचार करेंगे। इस मौके पर असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा शर्मा, झारखंड बीजेपी अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और आजसू प्रमुख सुदेश महतो भी मौजूद थे।
जेडीयू जमशेदपुर पश्चिम और तमाड़ विधानसभा सीट पर चुनाव लड़ेगी। लोजपा रामविलास चतरा सीट से चुनाव में हिस्सा लेगी, जबकि बीजेपी 68 सीटों पर अपनी ताकत दिखाएगी। हेमंत बिस्वा शर्मा ने बताया कि बीजेपी अपनी 68 सीटों में से 1 से 2 सीटों पर अलग निर्णय ले सकती है।
आजसू की 10सीटों की सूची
आजसू जिन 10 सीटों पर चुनाव लड़ेगी उनमें सिल्ली, जुगसलाई, गोमिया, रामगढ़, लोहरदगा, पाकुड़, ईचागढ़, मांडू, डुमरी और मनोहरपुर शामिल हैं।
जेडीयू की 2 सीटें
जेडीयू ने झारखंड में 11 सीटों पर चुनाव लड़ने का दावा किया था, लेकिन सीट बंटवारे में उन्हें केवल 2 सीटें मिली हैं, जबकि लोजपा (रामविलास) को 1 सीट मिली है। हालांकि, बिहार और यूपी के उपचुनाव में ये दोनों पार्टियां अपने उम्मीदवार उतारेंगी।
































