पटना: बिहार में पलायन एक गंभीर समस्या बन गई है। सरकार इस पर काबू पाने के लिए विभिन्न योजनाओं का दावा करती है, लेकिन वास्तविकता यह है कि पलायन दर लगातार बढ़ रही है। इस पर विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने एनडीए सरकार पर तीखे सवाल उठाए हैं।
तेजस्वी ने कहा कि हर साल बिहार से करोड़ों लोग पलायन कर रहे हैं, जबकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पिछले 20 वर्षों से सत्ता में हैं और उनकी नींद नहीं टूटती। वह बड़े दावे करते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इससे अलग है। हमने बिहार में रोजगार सृजन का संकल्प लिया है और उसे पूरा करने का प्रयास किया है।
तेजस्वी ने ट्वीट कर कहा
तेजस्वी ने ट्वीट कर कहा कि केंद्र सरकार के आंकड़ों के अनुसार, हर साल लगभग 3 करोड़ लोग पलायन कर रहे हैं, जो श्रम विभाग के पोर्टल पर पंजीकृत हैं। एक अनुमान के मुताबिक, लगभग 5 करोड़ लोग अस्थायी रोजगार के लिए बिहार से बाहर जाते हैं। नीतीश-बीजेपी सरकार के 20 वर्षों में पलायन के आंकड़े भयावह हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि NDA सरकार ने बिहार में औद्योगिक विकास के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए। मुख्यमंत्री कहते हैं कि बिहार में समुद्र नहीं होने के कारण उद्योग नहीं लगते, लेकिन हमारे 17 महीने के कार्यकाल में राजद ने निवेशकों से 50 हजार करोड़ के MoU साइन करवाए।
तेजस्वी ने यह भी बताया कि पिछले 10 वर्षों से बिहार में डबल इंजन की सरकार है। बावजूद इसके, बिहार को उसके उचित हक नहीं मिले हैं। अगर हमारी सरकार बनी, तो हम बिहार के श्रमिकों को यहीं रोजगार देंगे, खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों और औद्योगिक क्लस्टर स्थापित करेंगे ताकि सभी को अपने गृह राज्य में काम मिल सके।



































