पटना: बिहार में बाढ़ के हालात तेजी से बिगड़ रहे हैं। कई जिलों के निचले इलाकों में नदी का पानी भरने लगा है। अब तक राज्य के विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में कई तटबंध टूट चुके हैं, जिससे लाखों लोग प्रभावित हुए हैं।

बेतिया में सोमवार रात को मुख्य पीडी रिंग बांध टूट गया, जिसके कारण पांच पंचायतों के कई गांवों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया। गंडक नदी ने आधी रात को विकराल रूप धारण कर लिया और बैरिया प्रखंड की उत्तरी पटजिरवा पंचायत के रनहा में बांध धराशायी हो गया।

यह बांध 20 साल पहले बनाया गया था। बांध के टूटने के बाद उत्तरी पटजिरवा, सूर्यपूर, दक्षिणी पटजिरवा, पखनाहा डुमरिया, और मलाही बलुआ पंचायतों में तबाही मच गई है। लोग अपने गांव छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने को मजबूर हैं।

ग्रामीण अपने सामान और जानवरों को लेकर ऊंचे स्थानों पर जा रहे हैं। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में अनुमंडल पदाधिकारी विनोद कुमार और सदर एसडीपीओ रजनीश कांत सहित श्रीनगर थाना की पुलिस राहत कार्य में जुटी हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here