रांची/झारखंड: झारखंड पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों को अब स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) की ओर से एक्सीडेंटल क्लेम का लाभ मिलेगा। यह समझौता गुरुवार को झारखंड पुलिस मुख्यालय में एसबीआई और झारखंड पुलिस के बीच हुआ। यह क्लेम उन पुलिसकर्मियों के आश्रितों के लिए है, जिनकी सेवा के दौरान किसी दुर्घटना में मृत्यु होती है।
चाहे नक्सल ऑपरेशन हो या सड़क दुर्घटना, दोनों स्थितियों में पुलिसकर्मियों को एसबीआई की तरफ से एक्सीडेंटल क्लेम मिल सकेगा। झारखंड के डीजीपी अनुराग गुप्ता ने जानकारी दी कि पुलिस अधिकारियों और जवानों को व्यक्तिगत दुर्घटना मृत्यु बीमा के तहत 1 करोड़ रुपये, स्थायी पूर्ण विकलांगता पर 1 करोड़ रुपये, स्थायी आंशिक विकलांगता पर 80 लाख रुपये, वायुयान दुर्घटना पर 1 करोड़ 60 लाख रुपये, और नक्सली हिंसा में शहीद होने पर अतिरिक्त 10 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा, 10 लाख रुपये तक ऋण माफी की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
इस एमओयू के अंतर्गत, झारखंड पुलिस और एसबीआई के बीच सामान्य मृत्यु पर भी 10 लाख रुपये का लाभ और व्यक्तिगत दुर्घटना में मृत्यु के मामले में आश्रित बच्चों की उच्च शिक्षा के लिए 10 लाख रुपये का बीमा राशि का प्रावधान है। अविवाहित बच्चियों की शादी के लिए भी 10 लाख रुपये का बीमा दिया जाएगा। इसके साथ ही, स्वैच्छिक ‘मेडिकल सुपर टॉप-अप’ सुविधा में परिवार के चार सदस्यों के लिए 30 लाख रुपये का बीमा सिर्फ 2495 रुपये में और 15 लाख रुपये का बीमा 1995 रुपये में उपलब्ध कराया जाएगा।
इसके अतिरिक्त, सभी पुलिस कर्मियों को एसबीआई की ओर से रूपे प्लेटिनम कार्ड प्रदान किया जाएगा, जिसमें दुर्घटना में मृत्यु पर 10 लाख रुपये का अतिरिक्त बीमा कवर होगा। ये सभी विशेष बीमा सुविधाएं एसबीआई द्वारा पुलिस सैलरी पैकेज के तहत खाता धारकों को निशुल्क दी जाएंगी, और पुलिस कर्मियों के चार परिवार के सदस्यों को नि:शुल्क खाता, चेक बुक, एटीएम कार्ड के साथ-साथ कुल 20 लाख रुपये के बीमा का भी प्रावधान किया गया है।
ALSO READ



































