पटना: बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बिहार के दो दिवसीय दौरे के दौरान देर रात प्रदेश कार्यालय में पार्टी की कोर ग्रुप और कोर कमेटी की बैठक की। इस बैठक में, नड्डा ने पार्टी पदाधिकारियों को सदस्यता अभियान के तहत हर वर्ग, क्षेत्र और समुदाय के लोगों को पार्टी से जोड़ने का निर्देश दिया। उन्होंने सदस्यता अभियान की समीक्षा की और पार्टी के पदाधिकारियों को सुझाव दिया कि वे लोगों से संपर्क करके विशेष मुद्दों पर चर्चा करें।
नड्डा ने विशेष रूप से पिछड़े और अति पिछड़े समाज की उन जातियों को पार्टी से जोड़ने पर जोर दिया जो राष्ट्रवादी नीतियों से प्रभावित हैं और देश की उन्नति में भागीदार बनना चाहते हैं। इसके अलावा, राज्य में मंत्रिमंडल के विस्तार को लेकर भी चर्चा हुई। सूत्रों के अनुसार, बिहार में जल्द ही मंत्रिमंडल का विस्तार किया जा सकता है, और यह विधानसभा चुनाव से पहले होगा। राज्य मंत्रिपरिषद की अधिकतम सीमा 36 है, इसलिए अभी 6 और मंत्री बनाए जा सकते हैं।
नड्डा ने आज गया, भागलपुर और किशनगंज में अस्पतालों की सौगात दी और कहा कि पटना और बिहार भविष्य में मेडिकल हब के रूप में विकसित होंगे। उन्होंने दरभंगा में एम्स के निर्माण की बात की और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसका उद्घाटन करेंगे। नड्डा ने बिहार में 9 नए मेडिकल कॉलेज खोलने का भी भरोसा दिया।
विपक्ष पर हमला करते हुए, नड्डा ने बिना नाम लिए कहा कि वो कभी अपने कामों की रिपोर्ट नहीं दे सकते, इसकी जगह उनका एकमात्र उद्देश्य फूट डालो और राज करो की रहती है। वो सिर्फ बांटने की ही राजनीति कर सकते हैं। लोगों से अपील की, कि वो काम करने वालों को अपना आशीर्वाद दें, और काम न करने वालों को आराम करने दें।
ALSO READ
बिहार और झारखंड के लिए खुशखबरी, दो नई वंदे भारत ट्रेनों का शुभारंभ जल्द; PM मोदी दिखाएंगे हरी झंडी
































