पटना: बिहार में अपराधियों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं. बेखौफ अपराधी अपराध करने से नहीं हिचकिचाते. ताजा घटना सहरसा में सामने आई जहां जिला परिषद सदस्य के घर पर बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर जमकर उत्पात मचाया. पूरी घटना सर्विलांस कैमरे में कैद हो गई.
दरअसल, यह पूरा मामला सिमरी बख्तियारपुर थाने के कानू टोला का है, जहां जिला परिषद सदस्य अनिल भगत के आवास पर बाइक सवार बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दहशत फैला दी. जिप सदस्य अनिल भगत के भाई हीरा भगत ने बताया कि वह अपने बगल वाले मकान में थे। इस दौरान गोली चलने की आवाज सुनकर बाहर आए तो पता चला कि बाइक सवार कुछ बदमाश युवकों द्वारा गोलीबारी की गई है। ग्रामीणों द्वारा घटना की जानकारी दिए जाने के बाद मौके पर पहुंची सिमरी बख्तियारपुर पुलिस ने मौके से तीन खोखा बरामद किया है।
थानाध्यक्ष अजय कुमार पासवान ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. इस गोलीबारी के बाद गांव के लोगों में दहशत का माहौल है. घटना का कारण फिलहाल अज्ञात है।
































