नई दिल्लीः कोलकाता महिला डॉक्टर दुष्कर्म और हत्या मामले में ममता सरकार और कोलकाता पुलिस पर सवाल उठाकर तृणमूल कांग्रेस के सांसद अब फंसते दिख रहे हैं। दरअसल, राज्यसभा सांसद सुखेंदु शेखर राय ने कोलकाता पुलिस कमिशनर पर सवाल उठाए थे। अब पुलिस ने उन्हें पूछताछ के लिए समन भेजा है।
तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद सुखेंदु शेखर रे पर आरोप लगा है कि उन्होंने आरजी कर अस्पताल में हुए रेप और हत्या मामले के संबंध में हो रही जांच के बारे में “गलत सूचना” एक्स पर पोस्ट की है. इसे लेकर कोलकाता पुलिस ने सुखेंदु रे को नोटिस भेजा है और आज शाम 4 बजे पुलिस मुख्यालय में पेश होने को कहा है.
एक ट्वीट में सुखेंदु रे ने केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से सख्त जांच की मांग की, जिसने इस रेप और हत्याकांड के मामले की जांच अपने हाथ में ले ली है. रे ने ट्वीट में कहा, “सीबीआई को निष्पक्ष रूप से काम करना चाहिए. पूर्व प्रिंसिपल और पुलिस कमिश्नर को हिरासत में लेकर पूछताछ करना जरूरी है, ताकि पता चल सके कि आत्महत्या की कहानी किसने और क्यों फैलाई? हॉल की दीवार क्यों गिराई गई, रॉय को इतना शक्तिशाली बनाने के लिए किसने संरक्षण दिया? 3 दिन बाद खोजी कुत्ते का इस्तेमाल क्यों किया गया? ऐसे सैकड़ों सवाल हैं, उन्हें बोलने दीजिए.”
कोलकाता पुलिस का दावा
इसी पोस्ट को लेकर पुलिस ने रे को नोटिस भेजा है. पुलिस ने दावा किया कि रे ने तीन दिन बाद अपराध स्थल पर खोजी कुत्तों को तैनात किए जाने के बारे में “गलत सूचना” ट्वीट की थी. कोलकाता पुलिस ने एक बयान में कहा, “यह सूचना कि खोजी कुत्ते को तीन दिन बाद भेजा गया था, पूरी तरह से गलत है. खोजी कुत्ते को दो बार भेजा गया था, 9 तारीख को और फिर 12 तारीख (अगस्त) को. सुखेंदु शेखर रे को बीएनएस की धारा 35 (1) के तहत नोटिस भेजा गया है.”
ALSO READ
































