CM नीतीश
CM नीतीश

पटना: बिहार के जहानाबाद के सिद्धेश्वर धाम मंदिर में जलाभिषेक करने गए सात श्रद्धालुओं की भगदड़ में कुचलकर दर्दनाक मौत हो गई। इसके अलावा, इस घटना में 30 से अधिक शिवभक्त घायल हो गए। वहीं, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने घटना पर दुख जताया है. उन्होंने मृतकों के परिवारों को चार-चार लाख मुआवजा देने की घोषणा की. इसके साथ ही CM ने सभी घायलों का उचित इलाज का भी आदेश दिया है। मरने वालों में छह महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। प्रशासन ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। हादसे की जांच में जहानाबाद जिला प्रशासन जुट गया है। अपनी संवेदना में मुख्यमंत्री ने कहा है कि जहानाबाद की यह घटना काफी दुखद और पीड़ा देने वाली है।

पूजा करने आए भक्तों की इस तरीके से मौत हो जाना बहुत दुखद है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जो भी लोग इस घटना में घायल हुए हैं उनकी पूरी तत्परता से इलाज कराई जाए और जो लोग मौत के शिकार हो गए उनके परिजनों को अविलंब चार-चार लाख का मुआवजा दिया जाए। मुख्यमंत्री ने इस घटना में मारे गए लोगों के परिवार जनों को धैर्य धारण करने का आग्रह किया है।

मृतकों की पहचान

सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए जहानाबाद पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया है। मृतकों में सुशीला देवी, पूनम देवी, निशा कुमारी, निशा देवी, राजू कुमार, प्यारे पासवान शामिल हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताई घटना की सच्चाई

घटनास्थल पर मौजूद लोगों के मुताबिक दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे थे. भीड़ में शामिल लोग मंदिर में प्रवेश करने के लिए आपाधापी कर रहे थे। इसी बीच एक दुकानदार व स्थानीय कांवरिया आपस में भिड़ गए, दुकानदार ने जैसे ही कांवरिया पर लाठी चटकाई, भगदड़ मच गई। लोगों का कहना था कि यहां सुरक्षा में भी बड़ी चुक हुई है। प्रत्येक रविवार तथा सोमवार को यहां श्रद्धालुओं की अधिक भीड़ होती है। लेकिन सुरक्षा के नाम पर मात्र 3 पुलिसकर्मी और एनसीसी के बटालियन रहते हैं, जिस वजह से भीड़ नियंत्रित नहीं हो रही थी। घटनास्थल पर मौजूद सेवन गांव निवासी मनोज सिंह ने बताया कि किसी बात को लेकर कांवरिया और फूल वालों के बीच झगड़ा हो गया। जिसके बाद फूल वालों ने डंडा चला दिया जिससे भगदड़ मच गई। भगदड़ में मेरे परिवार का भी एक सदस्य लापता है। किसी तरह मेरी जान बच गई। उन्होंने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था का कोई इंतजाम नहीं था। आधे घंटे बाद पुलिस के जवान पहुंचे तब तक बड़ी घटना घट चुकी थी। यदि घटना स्थल पर सुरक्षा का पर्याप्त इंतजाम होता तो यह स्थिति उत्पन्न नहीं होती।

वहीं जहानाबाद के एसडीओ विकास कुमार ने कहा कि यह दुखद घटना है। सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद थीं। हम स्थिति का जायजा ले रहे हैं। उधर, एसएचओ दिवाकर कुमार विश्वकर्मा का कहना है कि डीएम और एसपी ने घटनास्थल का दौरा किया और वे स्थिति का जायजा ले रहे हैं। कुल 7 लोगों की मौत हुई है। हम परिवार के सदस्यों से मिल रहे हैं और उनसे पूछताछ कर रहे हैं।

ALSO READ

Jehanabad Stampede News: जहानाबाद के सिद्धेश्वर नाथ मंदिर में भगदड़ मचने से 7 भक्तों की गई जान, 30 से ज्यादा घायल

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here