पटना: बिहार के जहानाबाद जिले के मखदूनपुर के ऐतिहासिक वानावल पहाड़ियों में सिद्धेश्वर नाथ मंदिर परिसर में भगदड़ मचने से 7 श्रद्धालुओं की मौत की सूचना है।30 से ज्यादा लोग घायल हो गए. संभावना है कि मौतों और घायलों की संख्या बढ़ेगी. मृतकों में अब तक पांच महिलाएं, एक पुरुष और एक बच्चा शामिल हैं. यह घटना रात एक बजे की है. चौथे सोमवार पर जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी थी।
इसी बीच मंदिर की सीढ़ियों पर एक शिव भक्त और फूल की दुकान के मालिक के बीच झगड़ा हो गया. दुकानदार ने शिवभक्त पर लाठी चला दी। दोनों एक दूसरे से उलझ गए, इसी बीच मची भगदड़ (Stampede Baba Sideshwar Nath) में यह घटना घटी है। भगदड़ मचने पर श्रद्धालु इधर-उधर भागने लगे। इसी दौरान दबने से एक एक कर सात लोगों की मौत (Shravani Mela Stampede) और 30 से ज्यादा लोगों के घायल होने की सूचना है। सूचना पर आधे घंटे बाद पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को मखदुमपुर रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने सात लोगों को मृत घोषित कर दिया। DM अलंकृता पांडे ने 7 लोगों की मौत और 9 लोगों के घायल होने की जानकारी दी है।
मृतकों की पहचान
सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए जहानाबाद पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया है। मृतकों में सुशीला देवी, पूनम देवी, निशा कुमारी, निशा देवी, राजू कुमार, प्यारे पासवान शामिल हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताई घटना की सच्चाई
घटनास्थल पर मौजूद लोगों के मुताबिक दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे थे. भीड़ में शामिल लोग मंदिर में प्रवेश करने के लिए आपाधापी कर रहे थे। इसी बीच एक दुकानदार व स्थानीय कांवरिया आपस में भिड़ गए, दुकानदार ने जैसे ही कांवरिया पर लाठी चटकाई, भगदड़ मच गई। लोगों का कहना था कि यहां सुरक्षा में भी बड़ी चुक हुई है। प्रत्येक रविवार तथा सोमवार को यहां श्रद्धालुओं की अधिक भीड़ होती है। लेकिन सुरक्षा के नाम पर मात्र 3 पुलिसकर्मी और एनसीसी के बटालियन रहते हैं, जिस वजह से भीड़ नियंत्रित नहीं हो रही थी। घटनास्थल पर मौजूद सेवन गांव निवासी मनोज सिंह ने बताया कि किसी बात को लेकर कांवरिया और फूल वालों के बीच झगड़ा हो गया। जिसके बाद फूल वालों ने डंडा चला दिया जिससे भगदड़ मच गई। भगदड़ में मेरे परिवार का भी एक सदस्य लापता है। किसी तरह मेरी जान बच गई। उन्होंने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था का कोई इंतजाम नहीं था। आधे घंटे बाद पुलिस के जवान पहुंचे तब तक बड़ी घटना घट चुकी थी। यदि घटना स्थल पर सुरक्षा का पर्याप्त इंतजाम होता तो यह स्थिति उत्पन्न नहीं होती।
वहीं जहानाबाद के एसडीओ विकास कुमार ने कहा कि यह दुखद घटना है। सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद थीं। हम स्थिति का जायजा ले रहे हैं। उधर, एसएचओ दिवाकर कुमार विश्वकर्मा का कहना है कि डीएम और एसपी ने घटनास्थल का दौरा किया और वे स्थिति का जायजा ले रहे हैं। कुल 7 लोगों की मौत हुई है। हम परिवार के सदस्यों से मिल रहे हैं और उनसे पूछताछ कर रहे हैं।
ALSO READ
BPSC कार्यालय के बाहर शिक्षक अभ्यर्थियों का आज प्रदर्शन, वन कैंडिडेट-वन रिजल्ट की मांग
































