Bihar Flood
Bihar Flood

पटना: पटना में गंगा नदी रौद्र रूप में आ गई है। पटना में तीन जगहों पर नदी का स्तर खतरे के निशान को पार कर गया है. गांधी घाट के बाद दीघा घाट और हाथीदह में जलस्तर तेजी से बढ़ा. हालांकि, गांधी घाट पर जलस्तर स्थिर है. गंगा सोन बाढ़ सुरक्षा प्रमंडल की रिपोर्ट के मुताबिक, गांधी घाट पर 66, दीघा घाट पर 3 और हाथीदह में गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से 35 सेंटीमीटर ऊपर है। पुनपुन और सोन नदी में भी उफान है हालांकि उसका पानी फिलहाल स्थिर है।

ग्रामीण क्षेत्रों की कई सड़कों- खेतों में फैला गंगा का पानी

गंगा के अलावा पुनपुन और सोन नदी का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है. श्रीपालपुर में शाम तक पुनपुन खतरे के निशान को पार कर गई। पुनपुन बाढ़ नियंत्रण पदाधिकारी राहुल कुमार ने बताया कि शुक्रवार शाम चार बजे तक श्रीपालपुर में पुनपुन नदी का जलस्तर खतरे के निशान से एक सेंटीमीटर ऊपर है. मनेर दियारा के निचले इलाके छिहत्तर और महावीर टोला को जोड़ने वाली सड़क जलमग्न हो गई है। दानापुर के दियारा इलाके में बाढ़ की संभावना बढ़ गई है। अभी से ही लोग सुरक्षित स्थान की तलाश में जुट गए हैं।

गांधी घाट के बाद हाथीदह में भी खतरे का निशान पार

गांधी घाट में जलस्तर लगातार बढ़ रहा है. शुक्रवार की सुबह यहां पानी खतरे के निशान से 36 सेमी ऊपर था. इसी तरह दीघा घाट में 24 घंटे में 40 सेमी से ज्यादा पानी बढ़ गया. जेपी गंगा पथ अंडरपास में भी पानी भर गया है. इनके बीच से ही लोग जरूरी कामकाज के लिए आवागमन कर रहे हैं। दियारा क्षेत्रों में कई जगह जलभराव हो गया है। लोग अब पलायन की स्थिति में हैं। बड़ी संख्या में पशुपालकों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा रहा है। ये सोनपुर और दानापुर की ओर ठिकाना तलाश रहे हैं।

जिला प्रशासन ने की है पुख्ता तैयारी

इस आपदा से लोगों को बचाने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारी की है. नाव मालिकों के साथ करार किया जा चुका है। 128 राहत शिविर और 126 निकासी स्थल की व्यवस्था की गई हैं, इसके अलावा, 148 टीमें बचाव और खोज कार्यों के लिए तैयार हैं। इनका प्रतिनिधित्व करने के लिए एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों का भी चयन किया गया है. मानव और पशु चिकित्सा दवाओं की उपलब्धता की भी गारंटी है। 56 प्रकार की दवाएं, ओआरएस, एंटी रेबीज और सांप काटने की दवा भी उपलब्ध है। गंगा किनारे सुरक्षा के इंतजाम नहीं: उफनाई गंगा का प्रवाह काफी तेज है। गंगा के किनारे बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। रिवर फ्रंट के अलावा अन्य घाटों पर बड़ों के अलावा बच्चे भी खूब मस्ती कर रहे हैं। दीघा घाट पर शुक्रवार को स्कूल ड्रेस में कई बच्चे पानी में उछल-कूद करते दिखे, लेकिन यहां उन्हें रोकने-टोकने वाला कोई नहीं था। जलभराव वाले स्थानों पर कई गड्ढे भी हैं, यदि कोई बच्चा इसकी चपेट में आ गया तो अनहोनी से इंकार नहीं किया जा सकता। वहां लोगों का कहना था कि प्रशासन की ओर से इन जगहों की निगरानी बहुत जरूरी है।

ALSO READ

Bihar Weather Today: बिहार के 5 जिलों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी, खुले में जाने से बचने की सलाह

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here