पटना: बजट से पहले दिल्ली में सर्वदलीय बैठक में राष्ट्रीय जनता दल ने बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग की. बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने की. राजद प्रवक्ता चितरंजन गगन ने रविवार को इसकी जानकारी दी. राजद प्रवक्ता ने कहा कि सर्वदलीय बैठक में RJD की ओर से पार्टी सांसद एडी सिंह ने पार्टी का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने अपने संबोधन के दौरान केंद्र सरकार से मांग की कि बिहार के समावेशी विकास के लिए बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा जब तक देश के सभी राज्यों का समावेशी विकास नहीं होता केंद्र सरकार की विकसित भारत की कल्पना बेमानी है।
उन्होंने कहा कि नीति आयोग तक इस बात का स्वीकार कर चुका है कि विकास के पैमाने पर बिहार अभी काफी पिछड़ा हुआ है, इसलिए बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने के निर्णय की घोषणा संसद के वर्तमान सत्र में ही की जानी चाहिए।
एक पेज पर हैं लालू-नीतीश!
जानकारी के लिए बता दें कि विशेष राज्य के दर्जे की मांग पर लालू-नीतीश की पार्टी एक ही पन्ने पर है। रविवार को जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने विशेष राज्य के दर्जे की मांग को पूरी ताकत से आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिए जाने की मांग जदयू लंबी अवधि से करता रहा है। इस मांग को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पटना के गांधी मैदान से दिल्ली के रामलीला मैदान में बड़ी-बड़ी रैली कर चुके हैं। उन्होंने यह भी कहा, अगर बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिए जाने को लेकर किसी तरह की तकनीकी दिक्कत है तो केंद्र सरकार बिहार के लिए विशेष पैकेज उपलब्ध कराए।
ALSO READ
SAWAN 2024: आज सावन का पहला सोमवार, महामृत्युंजय मंत्र का करें जाप; कर्ज से मिलेगी राहत



































