पटना: बिहार विधान परिषद की कार्यवाही के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और विपक्ष की नेता राबड़ी देवी के बीच जबरदस्त बहस देखने को मिली। इस टकराव के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार की हालत बेहद गंभीर है और उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करनी चाहिए।
‘नीतीश कुमार सिर्फ महिलाओं पर भड़क सकते हैं’
तेजस्वी यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री सिर्फ महिलाओं पर गुस्सा निकाल सकते हैं। उन्होंने याद दिलाया कि राबड़ी देवी बिहार की पहली महिला मुख्यमंत्री रही हैं। तेजस्वी ने तंज कसते हुए कहा कि भगवान से प्रार्थना है कि नीतीश कुमार जल्द ठीक हो जाएं। बिहार के लोगों को अब उनकी स्थिति पर गंभीरता से विचार करना चाहिए, क्योंकि सवाल 14 करोड़ जनता के भविष्य का है। ऐसे व्यक्ति के हाथ में सरकार है जो खुद अस्थिर स्थिति में हैं।
‘बिहार की जनता अब सोचेगी’
तेजस्वी ने कहा कि अब बिहार के लोग सोचने लगे हैं कि यह सरकार कब तक चलेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री के बयान की आलोचना करते हुए कहा कि “हमने इनके पति को मुख्यमंत्री बनाया” जैसी बातें करना गलत है। लालू प्रसाद ने तो कई प्रधानमंत्रियों के बनने में योगदान दिया, जबकि नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनाने का श्रेय भी आरजेडी को जाता है। तेजस्वी ने कहा कि उनकी तुलना लालू प्रसाद से नहीं की जा सकती, क्योंकि नीतीश कुमार के पास न नीति है, न सिद्धांत।
‘नीतीश कुमार सिर्फ सत्ता के लिए राजनीति करते हैं’
तेजस्वी यादव ने आगे कहा कि सत्ता के लिए नीतीश कुमार किसी भी हद तक जा सकते हैं। वहीं, लालू प्रसाद यादव ने कभी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया, चाहे सरकार रहे या जाए। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार कब किस ओर पलट जाएं, इसका भरोसा नहीं किया जा सकता।
‘नीतीश कुमार इस्तीफा दें’
तेजस्वी ने दावा किया कि मुख्यमंत्री की स्थिति अब संभालने लायक नहीं है और बिहार की जनता को इसका नुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार अब राज्य नहीं संभाल पा रहे हैं, इसलिए उन्हें मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।



































