रांची/झारखंड: झारखंड कांग्रेस के नए प्रभारी और राष्ट्रीय महासचिव के. राजू, जो गुलाम अहमद मीर की जगह लेंगे, आज सेवा विमान से रांची पहुंचे। पहली बार प्रदेश प्रभारी के रूप में आने पर एयरपोर्ट पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, कांग्रेस विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप, ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, प्रदेश प्रवक्ता जगदीश साहू, पूर्व मंत्री बंधु तिर्की सहित कई नेताओं ने उनका स्वागत किया। उनके स्वागत में टाना भगत भी पहुंचे, वहीं पारंपरिक ढोल-नगाड़े और छऊ नृत्य का आयोजन भी हुआ।
महापुरुषों को श्रद्धांजलि
बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से निकलने के बाद के. राजू ने डोरंडा जाकर बाबा साहेब भीम राव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद उन्होंने हिनू चौक पर कर्पूरी ठाकुर, बिरसा चौक पर धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा, अरगोड़ा चौक पर वीर बुधु भगत, हरमू में बाबा कार्तिक उरांव, सिदो-कान्हू और परमवीर अल्बर्ट एक्का की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया।
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में बैठक
राज्य के महापुरुषों को श्रद्धांजलि देने के बाद के. राजू कांग्रेस कार्यालय पहुंचे, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस नेताओं के साथ एक बैठक की।
संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना प्राथमिकता
मीडिया से बातचीत में के. राजू ने कहा कि उनकी प्राथमिकता कांग्रेस संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करना है। एससी, एसटी, ओबीसी और अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों को पार्टी से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। साथ ही, जो नेता किसी कारणवश कांग्रेस से अलग हो गए हैं, उन्हें भी पार्टी से फिर जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।



































