पटना: राजधानी पटना से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। बिजली के ट्रांसफार्मर में हुए धमाके से तीन महिलाएं बुरी तरह झुलस गईं। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। इनमें से एक महिला की स्थिति बेहद नाजुक है। सभी को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस हादसे से घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। इस घटना का भयावह वीडियो भी सामने आया है।
घटना का विवरण
मामला पटना के परसा बाजार क्षेत्र के बागपुर गांव का है। सोमवार को बिजली का ट्रांसफार्मर अचानक ब्लास्ट हो गया। इसकी चपेट में आकर यशोदा देवी, सरिता देवी और अमिता कुमारी नाम की तीन महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं। घटना की सूचना मिलने पर परसा बाजार थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। डॉक्टरों ने तीनों को बेहतर इलाज के लिए PMCH रेफर कर दिया।
पुलिस ने की पुष्टि
परसा बाजार थाना प्रभारी मेनका रानी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि ट्रांसफार्मर ब्लास्ट से तीनों महिलाएं घायल हुई हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि महिलाएं ट्रांसफार्मर के नीचे धूप सेंक रही थीं। तभी यह हादसा हुआ।
मां-बेटी और नातिन हादसे की शिकार
पता चला है कि तीनों महिलाएं आपस में मां, बेटी और नातिन हैं। पुलिस ने बताया कि तीनों एक ही गांव की निवासी हैं। मामले की जांच जारी है।



































